अपडेटेड 1 April 2024 at 07:22 IST
फिर बैटिंग करने आया धोनी, बहुत मारा...धागा खोल दिया, सिर्फ 16 गेंद खेलकर माही ने जीता ये खास अवॉर्ड
MS Dhoni Batting vs DC: आईपीएल 2024 में पहली बार एमएस धोनी बल्लेबाजी करने उतरे। CSK की हालत नाजुक थी, लेकिन थाला को बैटिंग करते देखने के लिए फैंस उत्साहित थे।
MS Dhoni Batting CSK vs DC: आईपीएल 2024 के 13वें मैच में भले ही बाजी दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) ने मारी हो, लेकिन उनकी जीत से ज्यादा चर्चे चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) की हार की हो रही है। 42 साल के एमएस धोनी (MS Dhoni) इस सीजन पहली बार बैटिंग करने उतरे और उसके बाद वही किया जो वो आईपीएल में 2008 से कर रहे हैं। माही (Mahi) ने पहली गेंद पर ही झन्नाटेदार चौका जड़कर अपने मंसूबे को साफ किया। दूसरी गेंद पर खलील अहमद ने उनका कैच छोड़ा और तीसरी गेंद से फिर गेंदबाजों की कुटाई चालू। यूं कहें कि क्रीज पर जब तक धोनी थे फैंस को एक हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला तो गलत नहीं होगा।
विशाखापट्टनम में खेले गए मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरबोर्ड पर 191 रन टांग दिए। DC के कप्तान ऋषभ पंत का बल्ला बोला और उन्होंने 32 गेंदों पर 51 रनों की शानदार पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। वो मैच में पिछड़ते चले गए, लेकिन इसके बाद एमएस धोनी बल्लेबाजी करने उतरे और एक समय के लिए ऋषभ पंत और DC के फैंस की सांसें रोक दी।
माही अभी भी मार रहा है
आईपीएल 2024 में पहली बार एमएस धोनी बल्लेबाजी करने उतरे। CSK की हालत नाजुक थी, लेकिन थाला को बैटिंग करते देखने के लिए फैंस बेहद उत्साहित थे। धोनी ने भी स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को निराश नहीं किया और विंटेज स्टाइल में खेलते हुए महफिल लूट ली। स्टार खिलाड़ी ने 16 गेंदों पर 47 रनों की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल हैं।
धोनी ने जीता ये अवॉर्ड
एमएस धोनी ने मैच के आखिरी ओवर में दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्खिया की जमकर धुनाई की। माही ने इस ओवर में दो चौके और दो छक्के जड़े। अंतिम बॉल पर CSK के पूर्व कप्तान ने छक्का जड़कर फैंस का दिल जीत लिया। लंबे बाल में माही एक बार फिर गेंदबाजों के लिए काल बनते दिखे। इस ताबड़तोड़ पारी के लिए उन्हें मैच के बाद बेस्ट स्ट्राइकर ऑफ द अवॉर्ड दिया गया।
वहीं दिल्ली कैपिटल्स की जीत में अहम योगदान देने वाले गेंदबाज खलील अहमद को मैन ऑफ द मैच चुना गया। खलील ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने 4 ओवर में 21 रन देकर 2 विकेट लिए। उन्होंने CSK के दोनों ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ और रचिन रवींद्र को पवेलियन की राह दिखाई।
इसे भी पढ़ें: IPL 2024: SRH के खिलाफ गेंदबाजी के बाद मोहित ने क्यों कहा? 'ये याद दिलाने के लिए शुक्रिया कि...'
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 1 April 2024 at 06:48 IST