अपडेटेड 18 April 2024 at 11:06 IST
तू पागल है क्या... LIVE मैच में बिहार के खिलाड़ी पर फूटा कुलदीप का गुस्सा, फिर पंत ने ऐसे कराया शांत
वैसे तो कुलदीप यादव काफी ठंडे मिजाज के माने जाते हैं। लेकिन गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच के दौरान वो अपनी टीम के खिलाड़ी पर ही आग बबूला हो गए।
Kuldeep Yadav Angry on Mukesh Kumar: आईपीएल 2024 के 32वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स का सामना गुजरात टाइटंस से हुआ। अपने घर पर ही शुभमन गिल की टीम को शर्मनाक हार झेलनी पड़ी। DC के खिलाफ मैच में GT महज 89 रनों पर ढेर हो गई। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मैच को दिल्ली कैपिटल्स ने 6 विकेट से जीत लिया। इस बीच मुकाबले का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें देख सकते हैं कि गेंदबाजी के दौरान दिल्ली के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव अपने ही खिलाड़ी पर काफी गुस्से में दिख रहे हैं।
दिल्ली कैपिटल्स बनाम गुजरात टाइटंस मैच के दौरान एक लम्हा ऐसा आया जब कुलदीप यादव आग बबूला हो गए। मामले को बिगड़ते देख कप्तान ऋषभ पंत ने समझदारी दिखाई और कुलदीप को शांत कराया। आखिर पूरा मामला क्या है? आइए जानते हैं।
मुकेश कुमार पर भड़के कुलदीप यादव
वैसे तो कुलदीप यादव काफी ठंडे मिजाज के माने जाते हैं। बॉलिंग के दौरान भी उन्हें किसी बल्लेबाज को ज्यादा स्लेज करते हुए नहीं देखा गया है। लेकिन गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में उनका रौद्र रूप देखने को मिला। बाएं हाथ के स्पिनर अपने ही खिलाड़ी पर आग बबूला हो गए।
दरअसल, 8वें ओवर की पांचवीं गेंद पर गुजरात टाइटंस के बल्लेबाज राहुल तेवतिया ने फाइन लेग की दिशा में एक शॉट खेला। उसके बाद वो सिंगल के लिए भागे। उस दिशा में बिहार के रहने वाले मुकेश कुमार फील्डिंग कर रहे थे। वो तेजी से गेंद की तरफ आए और गेंदबाज की तरफ गोली की रफ्तार से थ्रो फेंका। वहां कुलदीप यादव मौजूद थे और बॉल उनके हाथ में जोर से जाकर टकराई। मुकेश कुमार का ये थ्रो कुलदीप के गुस्से का कारण बना और उन्होंने फील्डर की क्लास लगा दी।
स्टंप माइक पर कैद हुए आवाज में सुन सकते हैं कि कुलदीप यादव फील्डर मुकेश कुमार पर गुस्सा होते हुए बोल रहे हैं कि 'ऐ तू पागल-वागल है क्या।''
ऋषभ पंत ने कुलदीप को कराया शांत
युवा खिलाड़ी मुकेश कुमार पर कुलदीप यादव का गुस्सा देख दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने समझदारी दिखाई और बात को ज्यादा बढ़ने नहीं दिया। स्टंप माइक पर उन्हें 'गुस्सा नहीं कुलदीप...शांत-शांत' बोलते हुए सुना गया।
दिल्ली कैपिटल्स को मिली तीसरी जीत
शुरुआती मैचों में खराब प्रदर्शन के बाद अब दिल्ली कैपिटल्स की गाड़ी जीत के पटरी पर लौट रही है। गुजरात टाइटंस को हराकर उन्होंने आईपीएल 2024 में अपनी तीसरी जीत हासिल की। पॉइंट्स टेबल पर भी इसका फायदा हुआ और अब DC 5वें स्थान पर पहुंच गई है।
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 18 April 2024 at 11:06 IST