IPL 2024: अहमदाबाद में कोहली-जैक्स का तूफान, मचाई भयंकर तबाही; RCB ने गुजरात को 9 विकेट से हराया

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने IPL के मौजूदा सीजन में लगातार दूसरी जीत दर्ज की है। कोहली और जैक्स की तूफानी पारियों के दम पर RCB ने गुजरात को 9 विकेट से हराया है।

 
Follow :
IPL मुकाबले में RCB की गुजरात टाइटंस पर बड़ी जीत | Image: IPL

IPL 2024: पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को धूल चटाने के बाद कॉन्फिडेंस से भरपूर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने एक और जीत दर्ज की है। अहमदबाद में खेले गए IPL मुकाबले में विराट कोहली और विल जैक्स का तूफान आया है। इन दोनों बल्लेबाजों ने ऐसी तबाही मचाई है कि RCB ने गुजरात टाइटंस को चारों खाने चित कर दिया है। 

कोहली और जैक्स की तूफानी पारियों के दम पर RCB ने रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए हाई स्कोरिंग मैच में गुजरात टाइटंस को 9 विकेट से धूल चटाई है। 

कोहली ने जहां 44 गेंदों पर 6 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 70 तो वहीं विल जैक्स ने 41 गेंदों पर 5 चौकों और 10 छक्कों के दम पर सेंचुरी ठोकी है। कोहली और विल जैक्स के बीच दूसरे विकेट के लिए 166 रन की मजबूत साझेदारी हुई, जिसके दम पर RCB ने 201 रन का विशाल लक्ष्य महज 16 ओवर में हासिल कर लिया। 

जैक्स ने ठोका तूफानी शतक 

25 साल के युवा बल्लेबाज विल जैक्स ने बल्ले के साथ आग उगली है। जैक्स ने गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों को आड़े हाथों लिया और उनकी जमकर क्लास लगाई। जैक्स की शुरुआत हालांकि थोड़ी धीमी रही। उन्होंने 31 गेंदों पर फिफ्टी जड़ी, लेकिन शतक बनाने में उन्हों वक्त नहीं लिया। अगली 10 गेंदों पर ताबड़तोड़ 50 रन बनाकर जैक्स ने तूफानी शतक जड़ डाला। विल जैक्स ने 41 गेंदों पर 100 रन की आतिशी पारी में 10 छक्के लगाए। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।  

बता दें कि IPL 2024 में RCB की ये तीसरी जीत है। RCB ने पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद जैसे खतरनाक टीम को हराया था और अब गुजरात टाइटंस को धूल चटाई है। RCB को इस जीत से हालांकि प्वॉइंट्स टेबल में कोई फायदा नहीं हुआ है। वो अभी भी सबसे नीचे यानि 10वें स्थान पर मौजूद है। 

ये भी पढ़ें- PAK vs NZ: हेलीकॉप्टर छोड़िए, सुपरमैन शॉट देखिए; इस कीवी बल्लेबाज का ये VIDEO देख उड़ जाएंगे होश

Published By : DINESH BEDI

पब्लिश्ड 28 April 2024 at 19:03 IST