KKR vs GT: ईडन गार्डन्स में फिन एलन-अंगकृष रघुवंशी की आंधी, KKR ने GT को दिया 248 रन का लक्ष्य, कैमरून ग्रीन भी चमके
KKR vs GT: आईपीएल 2026 में शनिवार को कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए KKR ने GT को 248 रनों का लक्ष्य दिया है।
Kolkata Knight Riders vs Gujarat Titans: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में शनिवार, 16 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) बनाम गुजरात टाइटंस (GT) के बीच ईडन गार्डन्स में मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में पहले बैटिंग करते हुए केकेआर ने गुजरात को 247 रनों का लक्ष्य दिया है।
इससे पहले गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले कोलकाता को बैटिंग करने का न्योता दिया। पहले बैटिंग करते हुए कोलकाता ने निर्धारित 20 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 247 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। मैच में केकेआर के सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने ताबड़तोड़ 93 रन की पारी खेली।
ईडन गार्डन्स में फिन एलन की आंधी
कोलकाता नाइट राइडर्स को 247 रन के स्कोर तक पहुंचाने में सबसे अहम भूमिका सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने निभाई। फिन एलन ने महज 35 गेंदों का सामना करते हुए तूफ़ानी अंदाज में 4 चौके और दस छक्के की मदद से 93 रन बनाए। हालांकि, वो शतक महज 7 रन दूर ही थे कि साई सुदर्शन के शिकार बन गए।
अंगकृष रघुवंशी ने बल्ले से दिखाया दम
कोलकाता को एक मजबूत स्तिथि में पहुंचाने का काम अंगकृष रघुवंशी ने भी खूब किया। उन्होंने महज 44 गेंदों का सामना करते हुए ताबड़तोड़ नाबाद 82 रन की पारी खेली। इस दौरान अंगकृष रघुवंशी के बल्ले से चार चौके और सात छक्के भी निकले। इसके अलावा, कैमरून ग्रीन ने भी नाबाद 52 रनों की पारी खेली।
हार जीत से किसे फायदा और नुकसान?
इस मैच को गुजरात टाइटंस जीतकर हर हाल में 18 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंचना चाहेगी, ताकि आसानी से प्लेऑफ में जगह बना सकें। वहीं, कोलकाता पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। हालांकि, कोलकाता जीत के साथ वो 2 अंक अर्जित करके 11 अंकों के साथ अंक तालिका में 7वें स्थान पर पहुंचना चाहेगी।
Published By : Sahitya Maurya
पब्लिश्ड 16 May 2026 at 21:20 IST