अपडेटेड 12 April 2024 at 23:39 IST
मिस्टर 360 एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड तोड़ने वाले जेक फ्रेजर ने IPL डेब्यू में मचाई तबाही
ऑस्ट्रेलिया के युवा बल्लेबाज जेक फ्रेजर ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए धमाकेदार IPL डेब्यू किया है। जेक ने अपने पहले ही IPL मैच में तूफानी अर्धशतक ठोका है।
IPL 2024: दिल्ली कैपिटल्स ने आखिरकार चैन की सांस ली है। लगातार दो मैचों में हार के बाद दिल्ली ने जीत हासिल की है। IPL 2024 के अपने छठे मैच में ऋषभ पंत की अगुवाई वाली दिल्ली ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ शानदार जीत के साथ वापसी की है।
लखनऊ के इकाना स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने मेजबान लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से हराया है और सीजन की अपनी दूसरी जीत दर्ज की है। दिल्ली की इस जीत में ऑस्ट्रेलिया के युवा खिलाड़ी जेक फ्रेजर मैकगर्क का बड़ा योगदान रहा है। इस 22 वर्षीय नौजवान खिलाड़ी ने अपने IPL डेब्यू में तबाही मचाई है और दिल्ली को शानदार जीत दिलाई है। आपको जानकर हैरानी होगी कि ये वही खिलाड़ी है, जिसने दुनिया के दिग्गज बल्लेबाज और मिस्टर 360 नाम से मशहूर एबी डिविलियर्स का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा था।
IPL डेब्यू पर जड़ा तूफानी अर्धशतक
22 साल के जेक फ्रेजर मैकगर्क ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए IPL डेब्यू में तूफानी अर्धशतक जड़ा है। जेक फ्रेजर ने अपने पहले ही IPL मैच में बल्ले के साथ कोहराम मचाया। उन्होंने लखनऊ के खिलाफ 2 चौकों और 5 छक्कों के दम पर 35 गेंदों पर 55 रन की आतिशी पारी खेली। उनके इस जानदार प्रदर्शन की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने 168 रन के टारगेट को 18.1 ओवर में हासिल कर लिया।
तोड़ चुके हैं एबी डिविलियर्स का बड़ा रिकॉर्ड
IPL डेब्यू में तूफानी अर्धशतक ही जेक फ्रेजर की काबिलियत को नहीं दर्शाता है। वो इससे पहले भी कई तूफानियां पारियां खेल चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया का ये युवा बल्लेबाज साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स का एक बड़ा रिकॉर्ड चुका है। बता दें कि जेक फ्रेजर ने पिछले साल सीमित ओवर क्रिकेट में एबी डिविलियर्स के सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड तोड़ा था। डिविलियर्स वाइट बॉल क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने के मामले में नबंर-1 पर थे। डिविलियर्स ने 2015 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 31 गेंदों पर शतक जड़ा था, लेकिन जेक फ्रेजर पिछले साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले घरेलू वनडे टूर्नामेंट मार्श कप में महज 29 गेंदों पर सेंचुरी ठोकी थी।
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 12 April 2024 at 23:39 IST