IPL 2026: तूफानी पारी खेलने के बाद भी शुभमन गिल को 12 लाख का झटका, GT के कप्तान पर क्यों लगा जुर्माना?
Shubman Gill: भले ही गुजरात टाइटंस की टीम मैच जीत गई हो लेकिन इसके कप्तान शुभमन गिल के ऊपर आईपीएल आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
Shubman Gill: IPL 2026 के एक रोमांचक मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स को एक रन से हरा दिया। मैच में गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने शानदार परफॉर्म किया। आईपीएल 2026 का ये 14वां मैच अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया था। भले ही गुजरात टाइटंस की टीम मैच जीत गई हो लेकिन इसके कप्तान शुभमन गिल के ऊपर आईपीएल आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ इस रोमांचक मुकाबले में शुभमन गिल का बल्ला जमकर बोला। उन्होंने 45 गेंदों में 70 रनों की तूफानी पारी खेलकर अपनी टीम को शानदार जीत दिलाने में मदद की। इस पारी के दौरान गिल ने 4 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के जड़कर स्टेडियम हिला डाला।
शुभमन गिल पर क्यों लगा जुर्माना?
शुभमन गिल ने अपने शानदार परफॉर्मेंस से IPL करियर में अपनी 500 बाउंड्री (चौके और छक्के मिलाकर) पूरी कर ली हैं। उनके नाम अब कुल 382 चौके और 124 छक्के दर्ज हो चुके हैं। हालांकि, उनकी ये उपलब्धि विवाद के बिना नहीं आई। आपको बता दें कि शुभमन गिल पर ये जुर्माना धीमी ओवर-रेट बनाए रखने के लिए लगाया गया है, जो इस सीजन में अनुच्छेद 2.22 के तहत गुजरात टाइटंस का पहला उल्लंघन है।
आईपीएल ने पुष्टि की है कि गुजरात टाइटन्स निर्धारित समय के अंदर अपने ओवर पूरे करने में विफल रहे, जिसके कारण आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत लेवल 1 का उल्लंघन हुआ है। ये गुजरात टाइटंस का इस सीजन का पहला उल्लंघन है। कप्तान शुभमन गिल पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
दिग्गजों की लिस्ट में शामिल हुए शुभमन गिल
शुभमन गिल ने 500 बाउंड्री का जादुई आंकड़ा महज 117 पारियों में छू लिया था। इसके साथ ही वे IPL के उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं जिन्होंने सबसे कम पारियों में यह कारनामा कर दिखाया। गिल ने 2018 में कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ अपना सफर शुरू किया था और अब वे गुजरात की कप्तानी करते हुए नए कीर्तिमान रच रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि इस लिस्ट में गिल के अलावा केएल राहुल इकलौते अन्य भारतीय बल्लेबाज हैं।
IPL में सबसे तेज 500 बाउंड्री लगाने का रिकॉर्ड आज भी वेस्टइंडीज के 'यूनिवर्स बॉस' क्रिस गेल के नाम है, जिन्होंने मात्र 87 पारियों में यह कमाल किया था। उनके बाद जोस बटलर (101 पारी), डेविड वॉर्नर (105 पारी) और केएल राहुल (105 पारी) का नंबर आता है। अब शुभमन गिल 117 पारियों के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 9 April 2026 at 12:18 IST