अपडेटेड 19 March 2026 at 20:45 IST
IPL 2026: अभिषेक शर्मा को लेकर अनिल कुंबले का बड़ा बयान, इस दिग्गज से कर दी तुलना, कहा- हर गेंद को छक्का...
IPL 2026: टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी अनिल कुंबले ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 2026 सीजन से पहले अभिषेक शर्मा की विस्फोटक बल्लेबाजी शैली की जमकर तारीफ की। उन्होंने अभिषेक की तुलना टीम इंडिया के धाकड़ खिलाड़ी से की है।
IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का रोमांच शुरू होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं। आईपीएल का 19वां सीजन 28 मार्च से शुरू हो रहा है। विश्व के सबसे बड़े इस टूर्नामेंट का आगाज डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच होने वाला है।
सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा इन दिनों टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। हालांकि, टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में 52 रन बनाकर भारतीय टीम को ऐतिहासिक टी20 विश्व कप खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस बीच टीम इंडिया के पूर्व और दिग्गज खिलाड़ी अनिल कुंबले ने अभिषेक को लेकर बड़ा बयान दिया है।
अनिल कुंबले ने अभिषेक की जमकर तारीफ की
स्टार स्पोर्ट्स के एक कार्यक्रम में बात करते हुए अनिल कुंबले ने कहा 'अभिषेक में वीरेंद्र सहवाग की झलक दिखती है, क्योंकि वे हर गेंद पर जोरदार शॉट लगाने की कोशिश करते थे।' कुंबले ने आगे कहा 'जब उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से वनडे क्रिकेट और फिर टी20 क्रिकेट में कदम रखा, तो उन्हें एहसास हुआ कि उन्हें अपनी पारी की गति थोड़ी बदलनी होगी, लेकिन वीरेंद्र सहवाग तब भी 140-150 के स्ट्राइक रेट से खेलते थे।
कुंबले ने आगे कहा 'अभिषेक शर्मा को इस बारे में सोचना शुरू कर देना चाहिए कि मैं 200 के स्ट्राइक रेट से रन बना रहा हूं, क्या अब मुझे 300 के स्ट्राइक रेट से खेलना चाहिए? अगर अभिषेक शर्मा एक पारी में 20 गेंदें खेलते हैं, तो हम जानते हैं कि वह 50 के आंकड़े के करीब पहुंच जाएंगे। हमने संजू सैमसन के साथ ऐसा ही देखा। 40 या 50 के स्कोर पर आउट नहीं हुए, बल्कि अंत तक टिककर 85-90 रन तक पहुंचे। टी20 फॉर्मेट में यही चाहिए होता है। शायद इस सीजन में अभिषेक शर्मा में आपको इसी तरह की खेल देखने को मिलेगी, जिसकी SRH को भी उम्मीद होगी।
अभिषेक शर्मा का टी20 करियर
अभिषेक शर्मा ने अभी तक कुल 46 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 45 पारियों में 190.46 के स्ट्राइक रेट और 33.44 के औसत से 1438 रन बनाए हैं।
अभिषेक शर्मा का आईपीएल करियर
आईपीएल में अभिषेक शर्मा ने 77 मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 163.01 के स्ट्राइक रेट और 27.10 के औसत से 1816 रन बनाए हैं। आईपीएल 2025 में बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 14 मैच खेले, जिनमें उन्होंने 193.39 के स्ट्राइक रेट और 33.76 के औसत से 439 रन बनाए। वह आईपीएल के सबसे तेज अर्धशतक (16 गेंद) लगाने वाले SRH के बल्लेबाजों में से एक हैं।
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 19 March 2026 at 19:36 IST