अपडेटेड 24 March 2024 at 18:15 IST
IPL 2024: सैमसन की आंधी, पराग का तूफान; राजस्थान ने LSG के खिलाफ बनाया विशाल स्कोर
संजू सैमसन ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ IPL 2024 मुकाबले में तूफानी अर्धशतक बनाया है। उनके अलावा जायसवाल और पराग ने विस्फोटक पारियां खेली हैं।
IPL 2024: एक बार की IPL विजेता राजस्थान रॉयल्स (RR) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच IPL मुकाबला खेला जा रहा है। जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में संजू सैमसन की आंधी आई है। वहीं युवा बल्लेबाज रियान पराग ने भी तूफान मचाया है। इसके अलावा भारत के उभरते हुए स्टार खिलाड़ी ध्रुव जुरेल ने भी शानदार फिनिशंग पारी खेली है।
कप्तान सैमसन, पराग और जुरेल की जबरदस्त पारियों के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने LSG के खिलाफ 193 रन का विशाल स्कोर बनाया है।
पिंक सिटी में छक्कों की बरसात
मेजबान राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। यशस्वी जायसवाल ने टीम को जबरदस्त शुरुआत दी। इस युवा बल्लेबाज ने अपने स्वभाविक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ के गेंदबाजों पर अटैक किया। यशस्वी ने 3 चौकों और 1 छक्के की मदद से 12 गेंदों पर 24 रन बनाए, हालांकि वो आउट हो गए। इसके बाद जोस बटलर भी आउट हो गए, लेकिन इसके बाद स्टेडियम पर संजू सैमसन और रियान पराग की आंधी आई। दोनों बल्लेबाजों ने विरोधी गेंदबाजों को आड़े हाथों लिया और विस्फोटक बल्लेबाजी की।
सैमसन का तूफानी अर्धशतक
संजू सैमसन ने LSG के खिलाफ तूफानी अर्धशतक जड़ा। सैमसन ने 3 चौकों और 6 छक्कों के दम पर 52 गेंदों पर 82 रन की तूफानी पारी खेली। वहीं रियान पराग ने 1 चौके और 3 छक्कों के सहारे 29 गेंदों पर 43 रन विस्फोटक पारी खेली। वहीं ध्रुव जुरेल ने 1 चौके और 1 छक्के की बदौलत अंत में 12 गेंदों पर ताबड़तोड़ 20 रन बनाए। इन तीनों बल्लेबाजों की जबरदस्त पारियों के दम पर राजस्थान ने लखनऊ के खिलाफ 20 ओवर में 4 विकेट पर 193 रन बनाए।
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 24 March 2024 at 18:15 IST