अपडेटेड 27 March 2024 at 23:07 IST

IPL 2024: राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच ने क्यों कहा? 'जायसवाल और जुरेल की वजह से पराग की भूख बढ़ी'

राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच कुमार संगाकारा ने टीम के युवा बल्लेबाज रियान पराग को लेकर बयान दिया है। उनका कहना है कि जायसवाल और जुरेल ने पराग की भूख बढ़ाई है।

Follow :  
×

Share


राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच कुमार संगाकारा ने पराग को लेकर दिया बयान | Image: BCCI/IPL

IPL 2024: राजस्थान रॉयल्स सीजन के दूसरे मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ने वाली है। इस मुकाबले के लिए दोनों टीमें कड़ी तैयारी कर रही हैं। राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच कुमार संगाकारा ने मैच से पहले तैयारियों के बारे में बताया है। 

राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच कुमार संगाकार का मानना है कि यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल की इंटरनेशनल लेवल पर सफलता ने रियान पराग की अच्छा प्रदर्शन करने की भूख बढ़ा दी है, जिन्हें मौजूदा IPL 2024 सीजन में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए भेजा जा रहा है।

फ्रेंचाइजी ने पराग पर दिखाया भरोसा

राजस्थान रॉयल्स ने 22 वर्षीय पराग पर काफी भरोसा दिखाया है, जो 2019 में फ्रेंचाइजी से जुड़े हुए हैं। वो पहले फिनिशर की भूमिका निभाते थे, लेकिन घरेलू क्रिकेट में उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें प्रमोट किया गया है और चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा जा रहा है। लखनऊ सुपरजाइंट्स (LSG) के खिलाफ पिछले मैच में उन्होंने ये भूमिका अच्छी तरह से निभाई और 29 गेंदों पर 43 रन बनाए।

राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच संगाकारा ने कहा- 

हमने पिछले कुछ सालों से उनका प्रदर्शन देखा है। हमें लगा कि वो हमारे लिए ज्यादा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। पराग ने जो कड़ी मेहनत की और इस सीजन में अभी तक जिस तरह से अच्छा प्रदर्शन किया है उसने भी ये फैसला करने में भूमिका निभाई। पराग ने बहुत अच्छी शुरुआत की है और उन्हें खेल को समझते रहना होगा और नंबर चार पर वो क्या कर सकते हैं, इसके लिए उन्हें खुद पर भरोसा रखना होगा। वो तेज गेंदबाजी और स्पिन के सामने अच्छी बल्लेबाजी करते हैं और ये नंबर उनके लिए आदर्श है। 

कुमार संगाकारा का मानना है कि पराग पहले से काफी मैच्योर हो गए हैं। वो अभी युवा हैं और उन्हें ये नहीं भूलना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने देखा है कि जायसवाल और जुरेल ने कितनी लंबी छलांग लगाई है।

ये भी पढ़ें- भारत के दिग्गज गोलकीपर पीएर श्रीजेश का बढ़ा कद, हॉकी की वैश्विक संस्था में मिली बड़ी जिम्मेदारी

Published By : DINESH BEDI

पब्लिश्ड 27 March 2024 at 23:07 IST