CSK vs GT: रचिन-दुबे के तूफान और रुतुराज की कप्तानी पारी के दम पर चेन्नई ने बनाया विशाल स्कोर
रुतुराज गायकवाड़, रचिन रवींद्र और शिवम दुबे की धुआंधार पारियों की बदौलत चेन्नई सुपर किंग्स ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ बड़ा स्कोर बनाया है।
- खेल समाचार
- 2 min read
IPL 2024: रचिन रवींद्र और शिवम दुबे के तूफान और रुतरुाज गायकवाड़ की कप्तानी पारी के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ IPL मुकाबले में कोहराम मचाया है। CSK ने घरेलू मैदान पर खेले जा रहे इस मैच में 206 रन का विशाल स्कोर बनाया है।
2023 सीजन की फाइनलिस्ट टीमों CSK और गुजरात टाइटंस के बीच चेपॉक के मैदान पर IPL 2024 सीजन का सातवां मैच खेला जा रहा है, जिसमें चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहाड़नुमा स्कोर बनाया है। CSK ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 206 का बड़ा स्कोर बनाया है। चेन्नई रचिन और दुबे की तूफानी पारियों और कप्तान रुतुराज के शानदार योगदान की बदौलत यहां तक पहुंची है।
दुबे ने जड़ा तूफानी अर्धशतक
CSK के विस्फोटक बल्लेबाज शिवम दुबे ने 17वें सीजन के दूसरे ही मैच में बल्ले के साथ तहलका मचाया है। दुबे ने पहली गेंद से खतरनाक अंदाज दिखाया और छक्कों की बरसात की। दुबे ने अपनी पारी की पहली दो गेंदों पर दो झन्नाटेदार छक्के जड़े और इसके बाद वो नहीं रुके। दुबे ने गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों को आड़े हाथों लेते हुए 2 चौकों और 5 छक्कों के दम पर 23 गेंदों पर 51 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने 221 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की।
रचिन रवींद्र ने मचाया कोहराम
पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप में बल्ले के साथ सनसनी मचाने वाले न्यूजीलैंड के युवा बल्लेबाज रचिन रवींद्र ने भी कोहराम मचाया। अपना दूसरा ही IPL मैच खेल रहे रचिन ने बल्ले के साथ जबरदस्त पारी खेली। कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के साथ ओपनिंग करने उतरे बाएं हाथ के बल्लेबाज रचिन रवींद्र ने 6 चौकों और 3 छक्कों के दम पर 20 गेंदों पर 230 के स्ट्राइक रेट से 46 रन बनाए।
रुतुराज ने खेली कप्तानी पारी
इस मैच मे चेन्नई सुपर किंग्स के नवनियुक्त कप्तान और शानदार बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ का बल्ला भी खूब बोला। रुतुराज ने पहले रचिन रवींद्र के साथ टीम को अच्छी शुरुआत दी और फिर शिवम दुबे के साथ बीच के ओवरों में आतिशी अंदाज में रन जोड़े। रुतुराज ने 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से 36 गेंदों पर 46 रन बनाए।
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 26 March 2024 at 21:56 IST