अपडेटेड 21 March 2024 at 16:00 IST
IPL 2024: पिच पर पहुंचते बजता है राम सिया राम, केशव महाराज पहुंचे अयोध्या, किए राम लला के दर्शन
IPL 2024 की शुरुआत से पहले दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर गेंदबाज केशव महाराज अयोध्या में राम लला के दरबार में पहुंचे। उन्होंने राम मंदिर में भगवान राम के दर्शन किए।
IPL 2024: आईपीएल 2024 का भव्य आगाज 22 मार्च से होगा। आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच ओपनिंग मुकाबला खेला जाएगा। इंडियन प्रीमियर लीग की शुरुआत से पहले वो खिलाड़ी अयोध्या में रामलला के दरबार में पहुंचे जिनके मैदान पर आते ही जय श्री राम का नारा गूंजने लगता है।
जी हां, हम बात कर रहे हैं साउथ अफ्रीका के गेंदबाज केशव महाराज के बारे में। केशव महाराज आईपीएल से पहले अपनी फ्रेंचाइजी के खिलाड़ियों और स्टाफ के साथ अयोध्या रामलला की शरण में पहुंचे। केशव महाराज ने अपने सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीर भी शेयर की।
अयोध्या के राम मंदिर में पहुंचे केशव महाराज
दक्षिण अफ्रीकी स्पिनर केशव महाराज गुरुवार को अयोध्या स्थित राम मंदिर में पहुंचे। महाराज ने इसकी तस्वीर भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट की है। इसके साथ महाराज ने कैप्शन में लिखा है जय श्रीराम और हाथ जोड़ने की इमोजी लगाई है। केशव महाराज आईपीएल 2024 में लखनऊ सुपरजायंट्स का हिस्सा हैं। एलएसजी से जुड़ने के बाद वह अयोध्या पहुंचे और भगवान राम के दर्शन किए।
केशव महाराज की पूरी हुई इच्छा
महाराज ने इस साल की शुरुआत में कहा था कि वह राम मंदिर देखने के लिए उत्सुक हैं। स्पिनर ने कहा था कि लखनऊ फ्रेंचाइजी भविष्य में उनकी मदद कर सकती है और यह एक अच्छी पारिवारिक यात्रा बन सकती है। उन्होंने कहा था- मेरा परिवार हमेशा से भारत की तीर्थयात्रा पर जाना चाहता था। इसलिए शायद यह अयोध्या जाने के लिए एक अच्छी पारिवारिक यात्रा होगी।
लखनऊ सुपर जायंट्स के लोगों के साथ पहुंचे राम मंदिर
इस दौरान केशव महाराज के साथ एलएसजी के कोच जस्टिन लैंगर, जोंटी रोड्स और रवि बिश्नोई भी उनके साथ। एलएसजी के अकाउंट से इन सभी की तस्वीरें एक्स पर पोस्ट की गई हैं। बता दें कि केशव महाराज रामभक्त हैं। महाराज जब क्रिकेट के मैदान पर उतरते हैं तब आम तौर पर स्टेडियम में ‘राम सिया राम’ की धुन बजने लगती है।
Published By : Shubhamvada Pandey
पब्लिश्ड 21 March 2024 at 15:55 IST