अपडेटेड 22 March 2024 at 13:10 IST
पंत का कमबैक, कोहली का सपना और आईपीएल में आखिरी बार धोनी! कई मायनों में खास होगा IPL 2024
IPL 2024 कई मायनों में होगा खास, ऋषभ पंत करेंगे कमबैक, विराट कोहली का आईपीएल जीतने का सपना होगा पूरा और क्या IPL 2024 धोनी का आखिरी सीजन होगा?
IPL 2024: आईपीएल 2024 यानी इंडियन प्रीमियर लीग का 17वां सीजन अपने आप में कई मायनों में खास होने वाला है। इस आईपीएल में कई ऐसी चीजें देखने को मिलेंगी जो पहले नही देखी। किसी खिलाड़ी का कमबैक होगा, कुछ नए खिलाड़ियों के कंधों पर कप्तानी की कमान सौंपी जाएगी।
बात शुरु करते हैं चेन्नई सुपर किंग्स से। आईपीएल 2024 शुरु होने से पहले चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान एमएस धोनी ने कप्तानी छोड़ने का फैसला करते हुए ऋतुराज गायकवाड़ को टीम का नया कप्तान बना दिया।
ऋषभ पंत का दमदार कमबैक
आईपीएल 2024 दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत के लिए काफी अहम होने वाला है। ऋषभ पंत लगभग 15 महीने बाद क्रिकेट की दुनिया में आईपीएल 2024 के जरिए वापसी करने वाले हैं। 30 दिसंबर 2022 को पंत एक भयंकर कार दुर्घटना का शिकार हुए थे। जिसके बाद से वे अभी तक क्रिकेट में वापसी नही कर पाए। ऋषभ पंत ने अपनी चोट के चलते पिछला आईपीएल मिस कर दिया था। ऐसे में उनके लिए आईपीएल 2024 बहुत अहम होने वाला है क्योंकि आने वाले समय में भारत के सामने टी20 वर्ल्ड कप की चुनौती आने वाली है।
मुंबई इंडियंस की कप्तानी करेंगे हार्दिक पांड्या
मुंबई इंडियंस की कप्तानी IPL 2024 में रोहित शर्मा नही बल्कि हार्दिक पांड्या करेंगे। रोहित शर्मा 2013 से मुंबई इंडियंस की कप्तानी कर रहे हैं और मुंबई इंडियंस को 5 आईपीएल ट्रॉफी जितवा चुके हैं। रोहित शर्मा के टीम में होते हुए मुंबई इंडियंस ने मिनी ऑक्शन से पहले हार्दिक पांड्या को गुजरात टाइटंस से ट्रेंड करके सीधा मुंबई इंडियंस का कप्तान बना दिया। फैंस मुंबई के इस फैसले से बिल्कुल भी खुश नही थे। हार्दिक पांड्या के पास गुजरात टाइटंस की कप्तानी करने का सफल अनुभव है। अब देखना ये है कि क्या हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभाल पाते हैं? IPL 2024 में हार्दिक पांड्या को अपनी कप्तानी फिर से साबित करनी होगी।
क्या विराट का सपना होगा पूरा?
विराट कोहली आईपीएल में शुरुआत से ही आरसीबी के लिए खेलते आ रहे हैं। यानी कोहली को आरसीबी की ओर से खेलते हुए 16 सीजन हो चुके हैं ये उनका आरसीबी के लिए 17वां सीजन है। कोहली आईपीएल के टॉप स्कोरर है लेकिन विडंबना ये है कि कोहली की टीम ने अभी तक एक भी आईपीएल ट्रॉफी नही जीती है। डब्लूपीएल में आरसीबी की टीम ने इस बार विजेता का खिताब अपने नाम किया जिसके बाद कोहली ने अनबॉक्स इवेंट के दौरान कहा कि वे एक बार आईपीएल विजेता की फीलिंग को महसूस करना चाहते हैं। अब देखना ये है कि क्या कोहली का ये सपना आईपीएल 2024 में पूरा होता है या नही?
शुभमन गिल करेंगे गुजरात टाइटंस की कप्तानी
आईपीएल 2024 में कई नए खिलाड़ियों के कंधे पर कप्तानी की कमान सौंपी गई है। हार्दिक पांड्या के गुजरात टाइटंस से जाने के बाद फ्रेंचाइजी ने शुभमन गिल के टीम का नया कप्तान बनाया। गुजरात टाइटंस की टीम जब से आईपीएल में शामिल हुआ है तबसे टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है। 2022 में गुजरात टाइटंस आईपीएल में शामिल हुई और अपने डेब्यू सीजन में ही जीटी ने खिताब पर कब्जा जमा लिया। इसके बाद दूसरे सीजन यानी आईपीएल 2023 में गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया जिसमें गुजरात टाइटंस को हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में इस सीजन में गुजरात के नए कप्तान शुभमन गिल के ऊपर काफी दबाव होगा कि वे टीम के प्रदर्शन को बरकरार रख सकें। शुभमन गिल को आईपीएल में कप्तानी का कोई एक्सपीरियंस नही है। गिल के लिए आईपीएल में कप्तानी करना बिल्कुल ही नया एक्सपीरिएंस होगा।
Published By : Shubhamvada Pandey
पब्लिश्ड 22 March 2024 at 13:03 IST