CSK के बल्लेबाजों ने की पिटाई तो गुजरात टाइटंस को शमी की आई याद, मोहित बोले- ‘उनकी भरपाई कोई…’
CSK के खिलाफ दूसरे मुकाबले में गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों की जमकर पिटाई हुई है। इसके बाद टीम के सीनियर बॉलर मोहित शर्मा को मोहम्मद शमी की याद आई है।
- खेल समाचार
- 3 min read
Gujarat Titans are missing Mohammed Shami: एक बार की विजेता और पिछले साल की फाइनलिस्ट गुजरात टाइटंस को IPL 2024 सीजन के दूसरे मैच में चेन्नई सुपर किंग्स से हार का सामना करना पड़ा है। CSK के बल्लेबाजों ने गुजरात के गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई है। CSK के बल्लेबाजों ने पिटाई की तो गुजरात टाइटंस को दिग्गज तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की याद आई है।
गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज मोहित शर्मा ने 2023 IPL चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ चेपॉक के मैदान पर 63 रन की हार के बाद स्वीकार किया कि मोहम्मद शमी जैसे गेंदबाज की भरपाई करना काफी मुश्किल है। दरअसल भारतीय दिग्गज तेज गेंदबाज शमी टखने की सर्जरी से उबर रहे हैं और इस कारण वो IPL 2024 से बाहर हो गए हैं। उनके बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के साथ वापसी करने की उम्मीद है। वो इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज में भी नहीं खेल पाए थे। शमी जून में वेस्टइंडीज और अमेरिका की मेजबानी में होने वाले T20 वर्ल्ड कप में भी नहीं खेल पाएंगे।
'उनकी भरपाई कोई और नहीं कर सकता'
मोहित ने CSK के खिलाफ मैच के बाद मीडिया से बातचीत में कहा-
किसी भी टीम को शमी जैसे गेंदबाज की कमी खलेगी और आप उनकी भरपाई किसी अन्य खिलाड़ी से नहीं कर सकते, लेकिन चोट पर किसी का नियंत्रण नहीं है और आपको यह देखना होगा कि इसके साथ कैसे आगे बढ़ना है। जहां तक गुजरात टाइटंस की बात है, स्पेंसर जॉनसन और अजमतुल्लाह उमरजई का ये पहला साल है। उन्होंने अब तक काफी क्रिकेट नहीं खेला है, इसलिए हमें उनके साथ धैर्य रखना चाहिए और नतीजों पर बहुत ज्यादा ध्यान नहीं देना चाहिए।
बता दें कि CSK ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 6 विकेट पर 206 रन का विशाल स्कोर बनाया था, जिसमें सलामी बल्लेबाजों रुतुराज गायकवाड़ (46) और रचिन रविंद्र (46) और शिवम दुबे (51) की अहम भूमिका रही थी। टाइटंस के गेंदबाजों ने काफी रन लुटाए, जिसमें उमेश यादव ने दो ओवर में 27 रन दिए, जबकि अफगानिस्तान के दिग्गज स्पिनर राशिद खान ने 4 ओवर में 49 रन खर्च किए। राशिद को हालांकि दो विकेट मिले।
मोहित ने कहा कि सुपरकिंग्स द्वारा पावरप्ले में काफी रन बनाने से भी बड़ी हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि चेन्नई सुपर किंग्स की रणनीति में ज्यादा अंतर नहीं है। जब वो CSK के लिए खेलते थे तब भी ऐसा ही होता था और टीम आमतौर पर पावरप्ले में ज्यादा से ज्यादा फायदा उठाने की कोशिश करती थी। बता दें कि पावरप्ले के बाद CSK का स्कोर एक विकेट पर 69 रन था।
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 27 March 2024 at 20:22 IST