अपडेटेड 23 March 2024 at 18:19 IST

IPL के दूसरे मैच में ही रिंकू सिंह जैसे विस्फोटक बल्लेबाज की एंट्री, लास्ट ओवर के रोमांच की कहानी

दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब के सामने 175 रनों का लक्ष्य रखा और इस टारगेट में सबसे अहम भूमिका रही दिल्ली कैपिटल्स के इंपैक्ट प्लेयर अभिषेक पोरेल की।

Follow :  
×

Share


abhishek porel | Image: iplt20.com

IPL 2024: आईपीएल 2024 का दूसरा मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला जा रहा है। इस मुकाबले में पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया।

दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स के सामने 175 रनों का लक्ष्य रखा और टारगेट को बनाने में सबसे अहम भूमिका रही दिल्ली कैपिटल्स के इंपैक्ट प्लेयर अभिषेक पोरेल की। पोरेल ने पंजाब किंग्स के गेंदबाजों का ऐसा हाल किया उन्हें सपने में भी पोरेल के नाम से डर लगेगा।

इंपैक्ट प्लेयर ने बदला मैच का रुख

दिल्ली कैपिटल्स के 21 साल के अभिषेक पोरेल ने पंजाब किंग्स के हर्षल पटेल के आखिरी ओवर में 320 की स्ट्राइक रेट से तीन चौके और 2 छक्के लगाते हुए 25 रन बनाए। एक समय दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 7 विकेट के नुकसान पर 137 रन था। अक्षर पटेल आउट होकर पवेलियन लौटे थे और 13 गेंद बाकी थी। इसी स्कोर पर बंगाल के युवा विकेटकीपर अभिषेक पोरेल को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर मैदान पर उतारा गया था और अपनी तीसरी ही गेंद पर उन्होंने चौका जड़ अपने इरादे जता दिए थे। इसके अगले ओवर में सुमित कुमार भी आउट हो गए। लेकिन, पोरेल कुछ और ही इरादा करके बैठे थे।

अभिषेक पोरेल ने की हर्षल पटेल की कुटाई

अभिषेक पोरेल ने हर्षल पटेल के खिलाफ आखिरी ओवर की पहली 5 गेंद पर 5 बाउंड्री मारी। पहली गेंद को उन्होंने बैकवर्ड स्क्वायर लेग की तरफ चौका मारा। दूसरी गेंद हर्षल ने धीमी गति की फेंकी। पोरेल तैयार थे और उन्होंने इसे डीप मिड विकेट पर छक्के के लिए भेज दिया। तीसरी गेंद स्क्वायर लेग पर चौके के लिए गई। चौथी गेंद को विकेटकीपर बल्लेबाज ने थर्ड मैन पर चौका मारा। हर्षल ने 5वीं गेंद फिर से धीमी गति की फेंकी। अभिषेक ने इसपर छक्का जड़ा।

आखिरी ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने एक रन लिया। इस तरह ओवर में 25 रन बने। पोरेल ने 10 गेंदों पर 32 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 2 छक्के मारे। बंगाल के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले बाएं हाथ के बल्लेबाज पोरेल को पिछले सीजन दिल्ली कैपिटल्स ने अपने साथ जोड़ा था।

ऐसा रहा है अभिषेक पोरेल का क्रिकेट करियर

बता दें कि अभिषेक पोरेल बंगाल के युवा विकेटकीपर बल्लेबाजी हैं। वह बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं। वह 2022 अंडर-19 वर्ल्ड कप विनिंग भारतीय टीम का हिस्सा भी रह चुके हैं। पॉरेल ने अपने रणजी ट्रॉफी के डेब्यू में अर्धशतक ठोक सबका ध्यान अपनी ओर खींचा था। पोरेल ने अभी तक 16 प्रथम श्रेणी मैच खेलें हैं। पोरेल ने 30.21 की औसत से 695 रन बनाए हैं।

यह भी पढ़ें- IPL 2024: KKR और SRH के ये खिलाड़ी मैच में जमाएंगे रंग, इन खिलाड़ियों को चुनकर बनाएं परफेक्ट Dream11 - Republic Bharat

 

Published By : Shubhamvada Pandey

पब्लिश्ड 23 March 2024 at 18:14 IST