हार्दिक पांड्या की कप्तानी पर लगा दाग, मुंबई इंडियंस का घमंड तोड़ KKR ने 12 साल बाद किया ये कमाल
KKR ने 12 सालों का सूखा खत्म किया और 2012 के बाद मुंबई इंडियंस को वानखेड़े में पहली बार शिकस्त देने में कामयाब रही।
MI vs KKR: आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) का लचर प्रदर्शन जारी है। शुक्रवार को कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें उनके घर पर रौंदकर इतिहास रच दिया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच को केकेआर ने 24 रन से जीत लिया। इसके साथ ही मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) पर एक और दाग लग गया। बतौर कैप्टन हार्दिक के लिए ये सीजन बुरे सपने की तरह गुजर रहा है। MI की टीम बिखरी हुई दिख रही है और अब वो प्लेऑफ की रेस से भी लगभग बाहर हो चुकी है।
आईपीएल 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस को हराकर इतिहास रच दिया। KKR ने 12 सालों का सूखा खत्म किया और 2012 के बाद मुंबई को वानखेड़े में पहली बार शिकस्त देने में कामयाब रही। उन्होंने वो काम किया जो रोहित शर्मा की कप्तानी में कभी नहीं हुआ था।
हार्दिक की कप्तानी पर लगा दाग
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। KKR की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उन्होंने महज 57 रन पर 5 विकेट गंवा दिए। इसके बाद बतौर इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतरे मनीष पांडे और वेंकटेश अय्यर के बीच 83 रनों की कीमती पार्ट्नर्शिप हुई जिसके कारण केकेआर 169 रन बनाने में कामयाब रही।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों ने एक बार फिर निराश किया। ईशान किशन (13) और रोहित शर्मा (11) रन बनाकर पवेलियन लौट गए। सूर्यकुमार यादव ने कुछ देर तक लड़ाई लड़ी लेकिन वो भी अर्धशतक जड़ने के बाद अहम समय पर आउट हो गए। कप्तान हार्दिक पांड्या एक रन बनाकर चलते बने। टिम डेविड भी 24 रन बनाकर आउट हुए और कोलकाता नाइट राइडर्स 12 साल के लंबे इंतजार के बाद मुंबई इंडियंस को वानखेड़े में पटखनी देने में सफल रही।
KKR की जीत में चमके वेंकटेश और स्टार्क
मुंबई इंडियंस के खिलाफ इस ऐतिहासिक जीत में बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर और स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क छा गए। वेंकटेश ने 52 गेंदों पर 70 रनों की शानदार पारी खेली वहीं ऑस्ट्रेलियाई पेसर मिचेल स्टार्क ने फॉर्म में वापसी करते हुए 4 विकेट हासिल कर अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
इसे भी पढ़ें: जिस रोहित से डरते हैं दुनियाभर के गेंदबाज, उसने नारायण के आगे टेके घुटने, इतने बार हुए शिकार
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 4 May 2024 at 07:20 IST