GT vs CSK: गुजरात के सामने चेन्नई ने घुटने टेके, GT ने CSK को 89 रन से रौंदा, सुदर्शन और गिल की तूफानी पारी
GT vs CSK: आईपीएल 2026 में शुक्रवार को गुजरात टाइटंस बनाम चेन्नई सुपर किंग्स के बीच अहमदाबाद में मैच खेला गया, जिसे गुजरात ने जीत लिया है। इस जीत के साथ शुभमन गिल की टीम 18 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर है। वहीं, चेन्नई का सफर खत्म हो गया है।
GT vs CSK: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में शुक्रवार, 21 मई को गुजरात टाइटंस (GT) बनाम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच 66वां मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया, जिसे गुजरात ने आसानी से 89 रन से जीत लिया है। GT की जीत में साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल हीरो रहे।
इससे पहले मैच में चेन्नई के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गुजरात को बल्लेबाजी का न्योता दिया। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 229 रन का स्कोर खड़ा किया। गुजरात की तरफ से कप्तान शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर ने अर्धशतकीय पारी खेली।
वहीं, लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। गुजरात के 229 रन के जवाब में चेन्नई की पूरी टीम 13.4 ओवर में 140 सिर्फ रन ही बना पाई और गुजरात ने इस मैच को 89 रन से जीत लिया। इस जीत के साथ गुजरात के पास कुल 18 अंक हो गए हैं।
साई सुदर्शन और कप्तान की तूफानी पारी
गुजरात को 229 के लक्ष्य तक पहुंचाने का काम सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन और कप्तान गिल ने बखूबी किया। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 125 रन की पार्ट्नर्शिप रही। सुदर्शन ने 53 गेंदों का सामना करते हुए 7 चौके और 4 छक्के की मदद से तूफानी अंदाज में 84 रन बनाए।
वहीं, कप्तान गिल के 37 गेंदों का सामना करते हुए 7 चौके और 3 छक्के की मदद से 64 रन बनाए। इन दोनों के अलावा, जोस बटलर ने भी ताबड़तोड़ 57 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 4 छक्के लगाए।
ताश के पत्तों की तरह बिखरी चेन्नई
गुजरात के 229 के लक्ष्य का पीछा करती हुई चेन्नई की टीम ताश की पत्तों की तरह बिखर गई। चेन्नई के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन अपना खाता भी नहीं खोल पाए। वहीं, कप्तान महज 16 रन बनाकर आउट हो गए। चेन्नई की तरफ से सबसे अधिक रन शिवम दुबे ने 47 रन बनाए।
चेन्नई का सफर हुआ समाप्त
इस हार के बाद चेन्नई सुपर किंग का आईपीएल 2026 में सफर समाप्त हो गया है। आईपीएल 2026 में चेन्नई को 14 मुकाबलों में 6 में जीत और 8 में हार का सामना करना पड़ा। वहीं, इस जीत के बाद गुजरात 18 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर है। गुजरात पहले ही प्लेऑफ में जगह बना चुकी है।
Published By : Sahitya Maurya
पब्लिश्ड 21 May 2026 at 23:10 IST