अपडेटेड 9 May 2024 at 23:49 IST
IPL 2024 में नीचे बल्लेबाजी क्यों कर रहे धोनी? CSK के हेड कोच फ्लेमिंग ने दिया ये जवाब
पूर्व भारतीय दिग्गज कप्तान एमएस धोनी IPL के मौजूदा सीजन में शानदार फिनिशिंग पारियां खेल रहे हैं, लेकिन उनका बहुत नीचे बल्लेबाजी करना फैंस को पसंद नहीं आ रहा।
IPL 2024: एमएस धोनी फिट हैं या चोटिल हैं। उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में नंबर-9 पर बल्लेबाजी क्यों की? क्या वो गुजरात टाइटंस के खिलाफ अगले मुकाबले में भी ऐसे ही करेंगे? ये वो सवाल हैं, जो इस समय धोनी के फैंस के जहन में उठ रहे हैं।
5 बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) शुक्रवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) में गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी। इस मुकाबले को लेकर दोनों टीमों की तैयारियां जोरों पर हैं। फैंस एक बार फिर अपने चहेते धोनी को देखने के लिए बेताब हैं, जो पिछले कुछ दिनों से आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं। दरअसल धोनी पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में सिंगल नहीं भागे थे, जबकि दूसरी ओर इंटरनेशनल खिलाड़ी डैरिल मिचेल थे, लेकिन इस बीच CSK के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने बड़ा खुलासा किया है।
धोनी को लेकर क्या बोले फ्लेमिंग?
पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने भले ही चेन्नई सुपर किंग्स के सेटअप में धोनी की उपयोगिता के बारे में बहस छेड़ दी हो कि क्या उन्हें निचले क्रम में बल्लेबाजी करनी चाहिए, लेकिन फ्रेंचाइजी के पास धोनी के बल्लेबाजी क्रम को लेकर अपना तर्क है। गुजरात के खिलाफ मुकाबले से पहले गुरुवार को CSK के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा-
हम उनका वर्कलोड मैनेज कर रहे हैं। ये जोखिम भरा है और सीजन की शुरुआत में मांसपेशियों में थोड़ी चोट के कारण हमने देखा है कि अगर वो बहुत लंबे समय तक बल्लेबाजी करते हैं तो हम उन्हें खोने का जोखिम उठाते हैं, इसलिए हम उस संतुलन को खोजने की कोशिश कर रहे हैं, जहां वो सिर्फ छक्के और चौके लगाकर मैच पर प्रभाव डाल सकें, जो उन्होंने अब तक बहुत अच्छा किया है।
CSK के कोच ने हालांकि इस दिग्गज खिलाड़ी को किसी भी तरह की चोट लगने से इनकार किया है, जैसा कि अटकलें लगाई जा रही हैं, उन्होंने जोर देकर कहा कि धोनी को ऐसी स्थिति में बल्लेबाजी करने के लिए नहीं कहा जाएगा, जहां उन्हें विकेट पर बहुत लंबे समय तक रहना होगा। फ्लेमिंग ने कहा-
इसलिए धोनी नौवें नंबर पर आते हैं, टीम पर उनके प्रभाव को कम मत आंकिए। समय का एक पहलू है, लेकिन हम इस बात से बहुत सावधान रहते हैं कि वो हमें क्या दे सकते हैं और हम इसे अधिकतम करेंगे, लेकिन हम इसे अधिकतम नहीं करना चाहते जहां हम उन्हें खो देते हैं। तो ये एक नाजुक संतुलन है।
फ्लेमिंग का स्पष्टीकरण हरभजन के लिए एक संक्षिप्त जवाब था, जिन्होंने कहा था कि CSK के लिए नौवें नंबर पर धोनी की तुलना में एक गेंदबाज रखना बेहतर होगा। CSK प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने के बहुत करीब है।
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 9 May 2024 at 23:49 IST