Bihar New CM: बिहार में BJP के लिए इतिहास रचेंगे सम्राट चौधरी, सुबह शपथ ग्रहण के साथ होगा 'सम्राट युग' का आगाज, देखें मुख्यमंत्रियों की LIST

Bihar New CM: बिहार में नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद सम्राट चौधरी नए मुख्यमंत्री चुने गए हैं। वे 15 अप्रैल को शपथ लेंगे। नीतीश कुमार अब राज्यसभा जाएंगे।

Follow :  
×

Share


Bihar New CM Samrat Choudhary | Image: Republic

Bihar New CM: बिहार की सियासत में आज का दिन इतिहास के पन्नों में सुनहरे अक्षरों में दर्ज होने जा रहा है। मुख्यमंत्री पद से नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद अब बिहार की कमान सम्राट चौधरी के हाथों में आ गई है। 14 अप्रैल 2026 को हुए इस बड़े उलटफेर के बाद सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से NDA विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। यह पहली बार है जब भारतीय जनता पार्टी (BJP) का कोई नेता पूर्ण रूप से बिहार के मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने जा रहा है। इस बदलाव को राज्य में 'सम्राट युग' की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।

राजभवन में शपथ ग्रहण की तैयारी 

इसके बाद सम्राट चौधरी 15 अप्रैल 2026 को सुबह 11:00 बजे पटना के राजभवन (लोक भवन) में आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे पहले, नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया। राजनीतिक हलकों में सबसे खास बात यह रही कि नीतीश कुमार ने खुद सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव आगे बढ़ाया, जिसे सभी सहयोगियों ने सहर्ष स्वीकार कर लिया। 

नई कैबिनेट में भी होंगे दो उपमुख्यमंत्री?

नई सरकार के गठन के साथ ही कैबिनेट के स्वरूप को लेकर भी अटकलें तेज हैं। सूत्रों की मानें तो बिहार में दो उपमुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं। इस रेस में विजय चौधरी और नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के नाम सबसे आगे चल रहे हैं। हालांकि निशांत कुमार ने हाल ही में सक्रिय राजनीति में कदम रखा है, और यह भी जानकारी सामने आई थी कि निशांत अभी बड़ी जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार नहीं है। 

ऐसे में यह भी बताया जा रहा है कि जदयू कोर कमेटी में इस पर मंत्रणा के बाद वर्तमान जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी (Vijay Choudhary) के साथ ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव (Bijendra Prasad Yadav) को उपमुख्यमंत्री पद देने की बात तय की गई है। वहीं, वर्तमान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा एक बार फिर से विधानसभा अध्यक्ष पद की शोभा बढ़ा सकते हैं, क्योंकि राज्य में राज्यपाल के बाद विधानसभा अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री ही सबसे बड़ा पद है। हालांकि, हो सकता है इन सभी अटकलों से कल पर्दा उठ जाए। 

सम्राट के सामने BJP के कोर एजेंडे को पूरा करने की चुनौती

नीतीश कुमार ने करीब 20 साल तक बिहार की सेवा की और अपने कार्यकाल के दौरान रिकॉर्ड 10 बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके इस्तीफे के साथ ही बिहार की राजनीति का एक बड़ा अध्याय समाप्त हो गया है। अब सम्राट चौधरी के सामने राज्य की कानून व्यवस्था, रोजगार और विकास की उन उम्मीदों को पूरा करने की चुनौती है, जो भाजपा के कोर एजेंडे में शामिल रही हैं। 

देखें बिहार के मुख्यमंत्रियों की पूरी LIST 

बिहार के मुख्यमंत्रियों की शुरुआत से लेकर अब तक की पूरी सूची दी गई है-

  • श्री कृष्ण सिंह: 2 अप्रैल 1946 – 31 जनवरी 1961
  • दीप नारायण सिंह: 1 फरवरी 1961 – 18 फरवरी 1961
  • बिनोदानंद झा: 18 फरवरी 1961 – 2 अक्टूबर 1963
  • के. बी. सहाय: 2 अक्टूबर 1963 – 5 मार्च 1967
  • महामाया प्रसाद सिन्हा: 5 मार्च 1967 – 28 जनवरी 1968
  • सतीश प्रसाद सिंह: 28 जनवरी 1968 – 1 फरवरी 1968
  • बी. पी. मंडल: 1 फरवरी 1968 – 22 मार्च 1968
  • भोला पासवान शास्त्री: 22 मार्च 1968 – 29 जून 1968

राष्ट्रपति शासन: 29 जून 1968 – 26 फरवरी 1969

  • हरिहर सिंह: 26 फरवरी 1969 – 22 जून 1969
  • भोला पासवान शास्त्री (2): 22 जून 1969 – 4 जुलाई 1969

राष्ट्रपति शासन: 4 जुलाई 1969 – 16 फरवरी 1970

  • दरोगा प्रसाद राय: 16 फरवरी 1970 – 22 दिसंबर 1970
  • कर्पूरी ठाकुर: 22 दिसंबर 1970 – 2 जून 1971
  • भोला पासवान शास्त्री (3): 2 जून 1971 – 9 जनवरी 1972

राष्ट्रपति शासन: 9 जनवरी 1972 – 19 मार्च 1972

  • केदार पांडे: 19 मार्च 1972 – 2 जुलाई 1973
  • अब्दुल गफूर: 2 जुलाई 1973 – 11 अप्रैल 1975
  • जगन्नाथ मिश्रा: 11 अप्रैल 1975 – 30 अप्रैल 1977

राष्ट्रपति शासन: 30 अप्रैल 1977 – 24 जून 1977

  • कर्पूरी ठाकुर (2): 24 जून 1977 – 21 अप्रैल 1979
  • राम सुंदर दास: 21 अप्रैल 1979 – 17 फरवरी 1980

राष्ट्रपति शासन: 17 फरवरी 1980 – 8 जून 1980

  • जगन्नाथ मिश्रा (2): 8 जून 1980 – 14 अगस्त 1983
  • चंद्रशेखर सिंह: 14 अगस्त 1983 – 25 मार्च 1985
  • बिंदेश्वरी दुबे: 25 मार्च 1985 – 13 फरवरी 1988
  • भागवत झा आजाद: 14 फरवरी 1988 – 10 मार्च 1989
  • सत्येंद्र नारायण सिन्हा: 11 मार्च 1989 – 6 दिसंबर 1989
  • जगन्नाथ मिश्रा (3): 6 दिसंबर 1989 – 10 मार्च 1990
  • लालू प्रसाद यादव: 10 मार्च 1990 – 28 मार्च 1995
  • लालू प्रसाद यादव (2): 4 अप्रैल 1995 – 25 जुलाई 1997
  • राबड़ी देवी: 25 जुलाई 1997 – 11 फरवरी 1999

राष्ट्रपति शासन: 11 फरवरी 1999 – 9 मार्च 1999

  • राबड़ी देवी (2): 9 मार्च 1999 – 2 मार्च 2000
  • नीतीश कुमार: 3 मार्च 2000 – 10 मार्च 2000
  • राबड़ी देवी (3): 11 मार्च 2000 – 6 मार्च 2005

राष्ट्रपति शासन: 7 मार्च 2005 – 24 नवंबर 2005

  • नीतीश कुमार (2): 24 नवंबर 2005 – 26 नवंबर 2010
  • नीतीश कुमार (3): 26 नवंबर 2010 – 19 मई 2014
  • जीतन राम मांझी: 20 मई 2014 – 22 फरवरी 2015
  • नीतीश कुमार (4): 22 फरवरी 2015 – 14 अप्रैल 2026
  • सम्राट चौधरी: 15 अप्रैल 2026 को शपथ ग्रहण 

ये भी पढे़ें:  Sarkari Naukri 2026: 10वीं, 12वीं और ग्रेजुएट युवाओं के लिए बंपर मौका, 3003 पदों पर भर्ती शुरू, इस दिन तक कर सकते हैं आवेदन

Published By : Shashank Kumar

पब्लिश्ड 14 April 2026 at 23:50 IST