IPL इतिहास में अर्शदीप सिंह के नाम दर्ज हुआ अनचाहा रिकॉर्ड, वाइड-नो बॉल मिलाकर फेंके इतने बॉल कि गिनते रह गए अंपायर
PBKS vs GT: पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने गुजरात टाइटन्स के खिलाफ मैच के आखिरी ओवर में 11 गेंदें फेंककर आईपीएल के सबसे लंबे ओवर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के चौथे मुकाबले में मंगलवार को पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटन्स के बीच जोरदार भिड़ंत हुई। न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पंजाब के स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने एक ऐसा अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जिसे वह कभी याद नहीं रखना चाहेंगे। मैच के बेहद रोमांचक मोड़ पर अर्शदीप अपनी लाइन-लेंथ से पूरी तरह भटक गए।
आलम यह था कि अंपायर गेंदें गिनते रह गए और अर्शदीप का ओवर खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा था। उन्होंने मैच के आखिरी ओवर में कुल 11 गेंदें फेंकी, जिसने फैंस और टीम मैनेजमेंट दोनों को हैरान कर दिया।
11 गेंदों का 'महा-ओवर'
क्रिकेट के नियमों के अनुसार, एक ओवर में 6 लीगल डिलीवरी होनी चाहिए, लेकिन अर्शदीप ने वाइड और नो-बॉल की झड़ी लगा दी। उन्होंने पारी के 20वें ओवर में कुल 11 गेंदें डालीं और इसके साथ ही IPL इतिहास के सबसे लंबे ओवर फेंकने वाले गेंदबाजों की सूची में शीर्ष पर पहुंच गए।
गनीमत रही कि उनकी आखिरी गेंद सही रही, वरना वह 12 गेंदें फेंककर इस शर्मनाक लिस्ट में अकेले नंबर-1 बन जाते। फिलहाल उन्होंने मोहम्मद सिराज, तुषार देशपांडे और हार्दिक पांड्या जैसे गेंदबाजों के 11 गेंदों वाले रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
अर्शदीप के लिए महंगा साबित हुआ स्पेल
GT के खिलाफ यह मैच अर्शदीप के लिए किसी बुरे सपने जैसा रहा। उन्होंने अपने कोटे के 4 ओवरों में बिना कोई विकेट लिए 42 रन लुटा दिए। उनके पूरे स्पेल में उन्होंने कुल 8 वाइड और 1 नो-बॉल फेंकी। पारी के 19वें ओवर तक गुजरात का स्कोर 150 रन था, लेकिन अर्शदीप के 11 गेंदों वाले अंतिम ओवर में आए 12 रनों की बदौलत गुजरात की टीम 162 रनों के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।
IPL इतिहास के सबसे लंबे ओवर-
- 11 गेंदें: अर्शदीप सिंह VS गुजरात टाइटन्स (2026)
- 11 गेंदें: हार्दिक पांड्या VS गुजरात टाइटन्स (2025)
- 11 गेंदें: संदीप शर्मा VS दिल्ली कैपिटल्स (2025)
- 11 गेंदें: शार्दुल ठाकुर VS कोलकाता नाइट राइडर्स (2025)
- 11 गेंदें: मोहम्मद सिराज VS मुंबई इंडियंस (2023)
- 11 गेंदें: तुषार देशपांडे VS लखनऊ सुपर जायंट्स (2023)
Published By : Shashank Kumar
पब्लिश्ड 31 March 2026 at 23:40 IST