अपडेटेड 24 November 2024 at 09:11 IST
कंगारुओं के सामने यशस्वी जायसवाल की दहाड़, ऑस्ट्रेलिया में 47 साल बाद हुआ ये चमत्कार!
सीरीज शुरु होने से पहले ऑस्ट्रेलिया को जिस बात का डर था जायसवाल ने वही कर दिखाया। पर्थ टेस्ट के तीसरे दिन भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने शानदार शतक जड़ा।
Yashasvi Jaiswal Century, IND vs AUS: पर्थ में यश बिखेरने वाले यशस्वी जायसवाल ने अपने घातक शतक से कंगारूओं की कमर तोड़ डाली। सीरीज शुरु होने से पहले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को जिस बात का डर था जायसवाल ने उस डर को सच कर दिया। पर्थ टेस्ट के तीसरे दिन भारतीय युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने शानदार शतक जड़ा।
यशस्वी का ये पहला ऑस्ट्रेलिया दौरा है और पहले ही ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर उन्होंने शानदार शतक जड़ दिया। पर्थ में जाययवाल ने सिर्फ शतक ही नहीं मारा है उन्होंने इतिहास रच दिया है। यशस्वी के शतक का जश्न और उनकी दहाड़ कंगारू खिलाड़ी शायद ही कभी भूल पाएंगे। इसी के साथ उन्होंने 47 साल बाद ऑस्ट्रेलिया में वो कर दिखाया जो कोहली और रोहित भी नहीं कर सके थे।
ऑस्ट्रेलिया में 47 साल बाद हुआ ये कारनामा
यशस्वी जायसवाल का ये ऑस्ट्रेलिया का पहला दौरा है और अपने पहले ही दौरे पर उन्होंने दूसरी पारी में शानदार शतक जड़ कर सुनील गावस्कर के क्लब में एंट्री ले ली। सुनील गावस्कर ने 47 साल पहले अपने पहले ऑस्ट्रेलिया दौरे में ब्रिसबेन में (1977-78) 113 रनों की शतकीय पारी खेली थी। उससे पहले एमएल जयसिम्हा ने ब्रिसबेन में 1967-68 के दौरान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक जड़ा था। इन तीनों ही भारतीय खिलाड़ियों ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने पहले दौरे के पहले टेस्ट की दूसरी पारी में शतक जड़ दिया।
ऑस्ट्रेलिया में पहली बार टेस्ट शतक जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज
- 101 - एमएल जयसिम्हा, ब्रिसबेन, 1967-68
- 113 - सुनील गावस्कर, ब्रिसबेन, 1977-78
- 101* - यशस्वी जायसवाल, पर्थ, 2024
विदेशी सरजमीं पर यशस्वी जायसवाल का दूसरा शतक
यशस्वी जायसवाल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ टेस्ट की पहली पारी में खाता तक नहीं खोल पाए थे। 24 घंटे के अंदर ही जायसवाल ने ऐसा कमबैक किया कि दखने वाले देखते रह गए और यशस्वी किला फतह कर गए। जायसवाल ने छक्का लगाते हुए अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 205 गेंदों में विदेशी सरजीम पर अपना दूसरा शतक जड़ा। इस दौरान उन्होंने 8 चौके और 3 छक्के भी जड़े। ऐसा करने के साथ ही वे ऑस्ट्रेलिया में शतक जड़ने वाले चौथे सबसे युवा भारतीय बन गए हैं।
23 साल की उम्र से पहले एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज़्यादा टेस्ट शतक जड़ने वाले भारतीय
- 4 शतक, सुनील गावस्कर, 1971
- 4 शतक, विनोद कांबली, 1993
- 3 शतक, रवि शास्त्री, 1984
- 3 शतक, सचिन तेंदुलकर, 1992
- 3 शतक, यशस्वी जायसवाल, 2024
जायसवाल के मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 1500 रन पूरे
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली बार टेस्ट मैच खेल रहे जायसवाल ने मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में अपने 1500 रन भी पूरे कर लिये। जायसवाल ने पिछले साल यानी 2023 में वेस्टइंडीज दौरे के दौरान टेस्ट में डेब्यू किया था और विदेशी सरजीम पर उनका पहला शतक वेस्टइंडीज के खिलाफ ही आया था।
Published By : Shubhamvada Pandey
पब्लिश्ड 24 November 2024 at 09:11 IST