अपडेटेड 9 September 2024 at 13:20 IST
रिंकू से पहले यश दयाल को मिला टेस्ट में मौका, 5 छक्के खाने के बाद ऐसा क्या किया कि चमकी किस्मत?
Yash Dayal Stats: कहते हैं समय की एक खास बात होती है, 'वो बदलता जरूर है।' भारत के युवा तेज गेंदबाज यश दयाल के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ है।
Yash Dayal IND vs BAN Test Series: कहते हैं समय की एक खास बात होती है, 'वो बदलता जरूर है।' भारत के युवा तेज गेंदबाज यश दयाल के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ है। आईपीएल 2023 में जब रिंकू सिंह ने उनके एक ओवर में 5 लगातार छक्के जड़े थे तब कई क्रिकेट पंडितों ने कहा था कि अब इनका करियर खत्म हो जाएगा। टूर्नामेंट के बाद गुजरात टाइटंस ने भी यश दयाल का साथ छोड़ दिया था। उनके लिए वो समय काफी मुश्किल था, लेकिन कुछ दिनों तक सदमे में रहने के बाद यश ने वापसी की और कड़ी मेहनत कर टीम इंडिया में जगह बना ली।
हर युवा खिलाड़ियों का सपना होता है कि वो भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेले। बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले पहले टेस्ट के लिए यश दयाल को टीम इंडिया में शामिल किया गया है। आईपीएल में 5 छक्के खाने के बाद उनकी जिंदगी कैसे बदली? आइए जानते हैं।
यश दयाल की चमकी किस्मत
आईपीएल 2023 में यश दयाल को गुजरात टाइटंस ने खरीदा था। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ हुए मैच में रिंकू सिंह ने उन्हें अंतिम ओवर में 5 छक्के मारकर मैच की बाजी पलट दी थी। उस मुकाबले के बाद रिंकू रिंगह रातों रात हीरो बन गए, लेकिन यश दयाल को सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया गया। इस सीजन के बाद गुजरात टाइटंस ने भी उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया।
RCB ने दिया दूसरा मौका
एक इंटरव्यू में यश दयाल ने बताया था कि 5 छक्के खाने के बाद उन्हें गहरा झटका लगा था और वो कुछ दिनों तक डिप्रेशन में भी थे। हालांकि, फिर उन्होंने क्रिकेट के मैदान पर वापसी की और डोमेस्टिक क्रिकेट में हिस्सा लिया। आईपीएल 2024 से पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने यश दयाल पर भरोसा दिखाया और उन्हें 5 करोड़ रुपये की भारी रकम में खरीदा। सोशल मीडिया पर फिर मजाक बनाया गया। फैंस ने कहा कि जिस गेंदबाज को रिंकू सिंह ने बर्बाद कर दिया उसपर RCB पैसा बहा रही है।
IPL 2024 में यश दयाल का प्रदर्शन
आईपीएल 2024 में यश दयाल पहले से बेहतर गेंदबाज दिखे। शुरुआती ओवरों में उनकी गेंद स्विंग होते दिखी और साथ ही डेथ ओवरों में भी उन्होंने बल्लेबाज को शांत रखने के लिए स्लो डिलीवरी और यॉर्कर का इस्तेमाल किया। इस साल उन्होंने RCB की तरफ से 14 मैच खेले और 32.86 की औसत से 15 विकेट हासिल किए।
यश दयाल का फर्स्ट क्लास रिकॉर्ड
ये तो हुई टी20 क्रिकेट की बात लेकिन यश दयाल का चयन टेस्ट क्रिकेट में हुआ है। भारतीय चयनकर्ताओं को टीम इंडिया में एक बाएं हाथ के पेसर की तलाश थी। अजीत अगरकर की अगुवाई वाली टीम ने इस रोल के लिए अब यश दयाल पर भरोसा दिखाया है। यश ने दलीप ट्रॉफी 2024 के पहले मैच में भी अच्छा प्रदर्शन किया और इंडिया-ए के खिलाफ इंडिया-बी को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। 26 वर्षीय खिलाड़ी ने अब तक कुल 24 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं और 28.89 की औसत से 76 विकेट चटकाए हैं।
इसे भी पढ़ें: Vinesh Phogat ने तोड़ा ताऊ का दिल! राजनीति में मारी एंट्री तो महावीर फोगाट बोले- यही करना था तो...
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 9 September 2024 at 13:20 IST