अपडेटेड 7 December 2024 at 22:41 IST

'इलाज कितना भी लंबा क्यों न चले खर्च करेंगे, लेकिन...', विनोद कांबली की मदद के लिए कपिल देव की शर्त

कपिल देव के बाद विनोद कांबली की स्थिति को लेकर अब सुनील गावस्कर और बलविंदर सिंह भी मदद को तैयार हैं। कांबली को शराब की लत और कई बीमारियों ने काफी कमजोर कर दिया।

Follow :  
×

Share


विनोद कांबली की मदद के लिए कपिल देव की शर्त | Image: PTI

सचिन तेंदुलकर और विनोद कांबली एक समय था जब दोनों ने मिलकर स्कूल क्रिकेट के दिनों में 664 रनों की साझेदारी कर क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया था। लेकिन सचिन तेंदुलकर अपनी एकाग्र मेहनत और कठिन अनुशासन के दम पर आज कहां पहुंच गए और विनोद कांबली अपनी बुरी आदतों, अनुशासनहीनता की वजह से कहां पहुंच गए। दोनों ने एक ही गुरु से क्रिकेट के गुर सीखे और लगभग एक साथ ही टीम इंडिया के लिए खेलना शुरू किया था। विनोद कांबली को शराब की लत ने पूरी तरह से बर्बाद करके रख दिया। कांबली नशे की लत में इतना बुरे फंस गए कि आज वो सचिन के पिता की उम्र के दिखाई देने लगे हैं। वो ठीक से खड़े भी नहीं हो पाते हैं। ऐसे में अब 1983 विश्वकप की विजेता इंडियन टीम के कप्तान कपिल देव उनके इलाज के लिए आगे आए हैं, लेकिन कपिल देव ने भी कांबली के इलाज के लिए एक शर्त रखी है।

कपिल देव ने कहा है कि वो विनोद कांबली की मदद के लिए तैयार हैं लेकिन एक शर्त है, इसके लिए विनोद कांबली को खुद से आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि विनोद कांबली के इलाज में चाहे जितना समय लगे मैं खर्च करने के लिए तैयार हूं लेकिन शर्त ये है कि वो खुद से अपने आप को रिहैब सेंटर में जाना होगा। दरअसल कांबली को नशे की लत लग गई जिसकी वजह से आज वो बर्बादी के उस मुंहाने पर खड़े हैं जहां कोई भी उनकी मदद को तैयार नहीं दिखाई दे रहा है। अभी हाल में सचिन तेंदुलकर और विनोद कांबली के बचपन के कोच रमाकांत आचरेकर की याद में एक स्मारक का उद्घाटन किया गया था जहां पर चीफ गेस्ट के तौर पर सचिन तेंदुलकर भी वहां पहुंचे थे। इस दौरान वो अपने बचपन के मित्र विनोद कांबली से मिलने से चले गए।


सुनील गावस्कर और बलविंदर सिंह भी कांबली की मदद को तैयार

कपिल देव के बाद विनोद कांबली की स्थिति को लेकर अब सुनील गावस्कर और बलविंदर सिंह भी मदद को तैयार हैं। कांबली को शराब की लत और कई बीमारियों ने काफी कमजोर कर दिया है। कांबली के पास उचित इलाज करवाने के लिए पैसे भी नहीं हैं। अब सुनील गावस्कर और बलविंदर सिंह भी विनोद कांबली की मदद के लिए आगे आए हैं। सुनील गावस्कर इन दिनों ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड में मौजूद हैं, जहां भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। इस दौरान स्पोर्ट्स टुडे से बातचीत करते हुए गावस्कर ने कहा, 'मुझे मदद शब्द पसंद है और 1983 की विश्व कप विजेता टीम युवा खिलाड़ियों को लेकर भी काफी सचेत है उनमें से कुछ मेरे बेटे जैसे हैं। हम सभी बहुत चिंतित रहते हैं खासकर उन खिलाड़ियों के लिए जिनका किस्मत साथ छोड़ देती है।'


वायरल वीडियो से फिर चर्चा में आए विनोद कांबली

वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा था कि जब सचिन कांबली से मिलने पहुंचे तो पहले तो कांबली ने उन्हें काफी देर बाद पहचाना और फिर बाद में जब सचिन ने कांबली का हाल चाल जान लिया तो वापस वो अपनी सीट पर चले गए। हालांकि इस दौरान कांबली काफी मायूस दिखाई दिए और सचिन के जाने के बाद वो दुखी हो गए थे। वायरल वीडियो में ये साफ तौर पर देखा जा सकता था कि कार्यक्रम के आयोजक जब सचिन तेंदुलकर को वापस उनकी सीट पर ले जाने लगे तो कांबली काफी दुखी हो गए थे। इस दौरान वहां पर विनोद कांबली का निराश होना सबको दिखाई दे रहा था। सचिन तेंदुलकर इस कार्यक्रम में बतौर चीफ गेस्ट पहुंचे थे इसलिए आयोजकों ने उनका सीटिंग अरेंजमेंट कांबली से अलग कर रखा था। ऐसे में सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह के कमेंट्स कर रहे थे। 

ऐसा रहा विनोद कांबली का क्रिकेट करियर

अगर विनोद कांबली के क्रिकेट करियर की बात की जाए तो लेफ्ट हैंडेड बल्लेबाज ने देश के लिए कुल 17 टेस्ट का प्रतिनिधित्व किया है जिसमें उन्होंने कुल 1084 रन बनाए थे। इसमें 2 दोहरे शतक सहित 4 शतक और 3 अर्धशतक शामिल थे। वहीं एकदिवसीय मुकाबलों की बात की जाए तो विनोद कांबली ने कुल 104 वनडे इंटरनेशनल मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। इस दौरान विनोद कांबली ने कुल 2477 रन बनाए। उन्होंने वनडे करियर में कुल 2 शतक और 14 अर्द्धशतक लगाए थे। इस वीडियो में जब कांबली और सचिन तेंदुलकर की मुलाकात हुई तो ऐसा लग रहा है कि वो अपने बालसखा कांबली की मदद के लिए जरूर आगे आएंगे।

यह भी पढ़ेंः सिराज और हेड के बीच कहासुनी से तनाव, तेज गेंदबाज पर भड़के गावस्कर
 

Published By : Ravindra Singh

पब्लिश्ड 7 December 2024 at 22:41 IST