अपडेटेड 13 December 2024 at 16:12 IST
Vinod Kambli: कांबली के फिरेंगे दिन, लंबे समय बाद तोड़ी चुप्पी, मानी कपिल की शर्त; अब 15बीं बार...
Vinod Kambli: विनोद कांबली ने कपिल देव का ऑफर स्वीकार कर लिया है। इसी के साथ कांबली ने अपने स्वास्थ्य और आर्थिक स्थिति के बारे में भी खुलासा किया है।
Vinod Kambli News: क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के बचपन के दोस्त विनोद कांबली की आर्थिक और स्वास्थ हालत ठीक नहीं है। शराब की लत के कारण उनकी हेल्थ दिनों दिन गिरती जा रही है। ऐसे में पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव विनोद कांबली की मदद के लिए आगे आए थे।
ताजा अपडेट के मुताबिक विनोद कांबली ने कपिल देव का ये ऑफर स्वीकार कर लिया है। इसी के साथ कांबली ने अपने स्वास्थ्य और आर्थिक स्थिति का भी खुलासा किया है।
कांबली ने स्वीकार किया कपिल देव का ऑफर
52 साल के विनोद कांबली ने हाल ही में विकी लालवानी के यूट्यूब चैनल पर इंटरव्यू दिया है। उन्होंने कपिल देव के ऑफर को स्वीकार किया और मदद के लिए आभार जताया है। कांबली ने कहा कि ‘मैं रिहैब के लिए जाने के लिए तैयार हूं। मैं इसलिए जाना चाहता हूं क्योंकि मुझे किसी चीज का डर नहीं है। मेरा परिवार मेरे साथ है।’ यानी अब वो 15वीं बार रिहैब जाने के लिए तैयार हैं। इससे पहले उनके करीबी ने बताया था कि कांबली 14 बार रिहैब जा चुके हैं। अब उन्हें वापस ले जाने का कोई मतलब नहीं है। वहीं कपिल देव ने मदद से पहले उन्हें खुद इसके लिए पहल करने की शर्त रखी थी।
विनोद कांबली की आर्थिक स्थिति बेहद खराब
कांबली ने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब है और वह सिर्फ बीसीसीआई से मिलने वाली ₹30,000 की पेंशन पर निर्भर हैं। दो बच्चों की देखभाल के लिए संघर्ष करते हुए, उन्होंने कहा कि अगर इससे उनकी शारीरिक और आर्थिक स्थिति सुधरती है, तो वह रिहैब जाने के लिए तैयार हैं।
विनोद कांबली का वीडियो हुआ वायरल
हाल ही में विनोद कांबली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। जिसमें वे अपने बचपन के दोस्त सचिन तेंदुलकर से हाथ मिलाते हुए दिखे थे। रामाकांत आचरेकर की मूर्ति अनावरण कार्यक्रम के दौरान कांबली की स्थिति ने फैंस का ध्यान अपनी ओर खींचा था। उनकी स्थिति देखकर भारतीय क्रिकेट जगत के कई दिग्गजों ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया था।
कांबली ने किया बड़ा दावा
कांबली ने इस बात को स्वीकारा था कि उनकी परेशानियों की जड़ शराब की लत है, लेकिन पिछले छह महीनों से उन्होंने शराब और सिगरेट को पूरी तरह से छोड़ दिया है। उनका कहना है कि ये बदलाव उन्होंने अपने बच्चों के लिए किया है। उनके करीबी दोस्त और पूर्व अंपायर मार्कस कूटो ने भी इस बात की पुष्टि की। कांबली ने कहा, “अब मैंने सब कुछ छोड़ दिया है और अपने परिवार के लिए एक बेहतर जिंदगी की ओर बढ़ रहा हूं।”
बीसीसीआई ने पहले भी की थी दूसरे खिलाड़ियों की मदद
कपिल देव के साथ-साथ उनके करीबी दोस्त अजय जडेजा और BCCI से जुड़े अबे कुरुविला भी कांबली के संपर्क में हैं। कांबली को भरोसा है कि जरूरत पड़ने पर BCCI उनकी मदद के लिए आगे आएगा, जैसा कि उन्होंने अंशुमान गायकवाड़ के इलाज के लिए इस साल ₹1 करोड़ जारी किए थे।
Published By : Shubhamvada Pandey
पब्लिश्ड 13 December 2024 at 16:12 IST