अपडेटेड 24 June 2024 at 20:58 IST
6, 6, 4, 6, 6... IPL के सबसे महंगे बॉलर का रोहित ने बनाया भूत, एक ओवर में बना दिए 28 रन
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा T20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया से वनडे वर्ल्ड कप फाइनल हार का बदला ले रहे हैं। उन्होंने स्टार्क के एक ओवर में 28 रन बटोरे हैं।
T20 World Cup 2024: भारत और ऑस्ट्रेलिया (IND vs AUS) के बीच आज ग्रुप 1 का आखिरी सुपर 8 (Super 8) मैच खेला जा रहा है। सेंट लूसिया में हो रहे इस मुकाबले में रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने कोहराम मचाया है। भारतीय कप्तान रोहित ने बल्ले के साथ ऐसा तूफान मचाया कि ऑस्ट्रेलिया (Australia) को हिलाकर रख दिया है।
मौसम और पिच की देखते हुए ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। पिछली कुछ बार की तरह विराट कोहली जल्दी आउट हो गए, लेकिन रोहित आज अलग ही मूड में बैटिंग करने उतरे। रोहित ने शुरुआत से ही ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को आड़े हाथों लिया और जमकर प्रहार किया। रोहित ने IPL के सबसे महंगे खिलाड़ी और ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc) को निशाने पर लिया और उसका भूत बना दिया।
रोहित ने स्टार्क के एक ओवर में छक्कों की बरसात कर डाली। रोहित ने स्टार्क को 4 झन्नाटेदार छक्के मारे और एक ओवर में 28 रन बटोर लिए। इतना ही नहीं रोहित ने इसके बाद पैट कमिंस को आड़ो हाथों लिया। पिछले दो मैचों में लगातार दो हैट्रिक लेने वाले कमिंस के पहले ओवर की पहली ही गेंद पर रोहित ने ऐसा दमदार छक्का मारा कि स्टेडियम की छत पार करा दी। बता दें कि मिचेल स्टार्क IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। IPL 2024 के लिए हुई नीलामी में KKR ने उन्हें 24.75 करोड़ रुपए की रिकॉर्ड रकम में खरीदा था।
रोहित ने जड़ी तूफानी फिफ्टी
ऑस्ट्रेलिया से 2023 वनडे वर्ल्ड कप का हार का बदला लेने उतरे रोहित शर्मा घातक फॉर्म में नजर आ रहे हैं। रोहित ने इस मैच में तूफानी फिफ्टी जड़ी है। रोहित ने महज 19 गेंदों पर 5 छक्कों और 4 चौकों की बदौलत फिफ्टी ठोकी। भारत अगर आज ऑस्ट्रेलिया को हरा देता है तो वो 2024 T20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2024) के सेमीफाइनल में एंट्री कर लेगा। वहीं ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर होगा।
T20 वर्ल्ड कप में अब तक भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 मैच हुए हैं, जिसमें 3 भारत, जबकि 2 ऑस्ट्रेलिया ने जीते हैं। वहीं T20 इंटरनेशनल की बात करें तो इसमें दोनों टीमें कुल 31 बार भिड़ी हैं, जिसमें भारत ने 19, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 11 मैच जीते हैं।
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 24 June 2024 at 20:51 IST