अपडेटेड 9 February 2026 at 18:33 IST
T20 World Cup 2026: वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे का धमाकेदार प्रदर्शन, ओमान को 103 रन पर ढेर करने के बाद 8 विकेट से जीता
T20 World Cup OMA vs ZIM: टी20 विश्व कप 2026 का 8वां मुकाबला जिम्बाब्वे और ओमान के बीच सोमवार 9 फरवरी को खेला गया। जिम्बाब्वे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टी20 विश्व कप की शुरुआत जीत से की और ओमान को एकतरफा अंदाज में आठ विकेट से हराया।
T20 World Cup OMA vs ZIM: टी20 विश्व कप 2026 का 8वां मुकाबला जिम्बाब्वे और ओमान के बीच सोमवार 9 फरवरी को खेला गया। यह मैच कोलंबो के SSC क्लब में हुआ, जहां जिम्बाब्वे ने ओमान को हराकर शानदार जीत हासिल की। टूर्नामेंट में इसी के साथ जिम्बाब्वे ने अपने पहले ही मैच में टी20 वर्ल्डकप के लिए अपने इरादे साफ कर दिए।
ओमान की खराब शुरुआत
टी20 विश्व कप के ग्रुप बी के मुकाबले में जिम्बाब्वे ने इस मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ओमान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और जिम्बाब्वे ने उसे शुरुआती झटके दिए, जिससे 5 विकेट जल्दी गिर गए। सुफ्यान महमूद और विनायक शुक्ला ने 42 रन जोड़कर पारी को संभाला। शुक्ला 28 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, ओमान किसी तरह 100 रन पार करने में सफल रहा।
जिम्बाब्वे के लिए नगारवा, मुजरबानी और इवांस ने 3-3 विकेट लिए, जबकि सिकंदर रजा ने एक विकेट लिया। गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की मदद से जिम्बाब्वे ने ओमान की पारी 19.5 ओवर में 103 रन पर ऑलआउट कर दी।
एक ओवर में हीं दो झटके
जिम्बाब्वे ने कम लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छी शुरुआत दिलाई। बेनेट और तादिवनाशे मारुमनी ने पहले विकेट के लिए 30 रनों की साझेदारी की। मारुमनी 11 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 21 रन बनाकर सुफ्यान महमूद का शिकार बने। इसी ओवर में सुफ्यान ने डियोन मायर्स को खाता खोले बिना आउट कर जिम्बाब्वे को दूसरा झटका दिया।
बेनेट ने संभाली पारी
दो झटके लगातार लगने के बाद बेनेट ने ब्रेंडन टेलर के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने 68 रन जोड़ लिए थे, लेकिन टेलर रिटायर हर्ट होकर पवेलियन लौट गए। हालांकि बेनेट अंत तक टिके रहे, लेकिन अर्धशतक पूरा नहीं कर सके। कप्तान सिकंदर रजा ने विजयी चौका लगाकर मैच समाप्त किया। बेनेट ने 36 गेंदों पर सात चौकों की मदद से नाबाद 48 रन ही बना सके। ओमान की ओर से सुफ्यान महमूद ने दोनों विकेट लिए।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
जिम्बाब्वे: ब्रायन बेनेट, तादिवनाशे मारुमनी, डियोन मायर्स, ब्रेंडन टेलर (विकेटकीपर), सिकंदर रजा (कप्तान), रेयान बर्ल, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्रैड इवांस, वेलिंगटन मसाकद्जा, रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुजरबानी।
ओमान: जतिंदर सिंह (कप्तान), आमिर कलीम, हमाद मिर्जा, वसीम अली, करन सोनावले, जितेन रमानंदी, विनायक शुक्ला (विकेटकीपर), सुफ्यान महमूद, नदीम खान, शाह फैजल, शकील अहमद।
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 9 February 2026 at 18:05 IST