अपडेटेड 4 February 2026 at 22:53 IST
India vs South Africa: भारत ने वार्म अप मैच में साउथ अफ्रीका को 30 रन से हराया, ईशान किशन और तिलक वर्मा चमके
India vs South Africa Warm-up Match: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का वार्म अप मैच बुधवार, 4 फरवरी को खेला गया। इस मैच को भारत ने 30 रन से जीत लिया है। ईशान किशन ने शानदार पारी खेली।
India vs South Africa Warm-up Match: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होने में बस तीन दिन बचे हुए हैं। क्रिकेट के इस महाकुंभ में 7 फरवरी को भारत, यूएसए के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेगा। इससे पूर्व बुधवार, 4 फरवरी को भारतीय टीम बनाम दक्षिण अफ्रीका के बीच वार्म अप मैच खेला गया। इस मैच को भारत ने 30 रन से जीत लिया है।
इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 240 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम 20 ओवर में महज 210 रन ही बना पाई। इस मैच में ईशान किशन ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।
ईशान ने 20 गेंदों में ठोका अर्धशतक
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए वार्म अप मैच में ईशान किशन से शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में महज 20 गेंदों में 53 रन बनाए। ईशान ने 53 रन की पारी में 2 चौके और सात लंबे-लंबे छक्के लगाए। ईशान ने 265 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए, हालांकि, ईशान बाद में रिटायर हर्ट हो गए।
तिलक वर्मा की शानदार वापसी
चोट के कारण न्यूजीलैंड से सीरीज बाहर हुए तिलक वर्मा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वार्म अप मैच में शानदार वापसी की। उन्होंने महज 19 गेंदों में ताबड़तोड़ 45 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और तीन छक्के लगाए। वहीं, कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 30 रन और अक्षर पटेल ने नाबाद 35 रन बनाए।
USA से भारत का पहला मुकाबला
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से होने वाला है और 7 फरवरी को ही भारत का मैच USA के खिलाफ है। भारत ने जिस्ट तरह अभ्यास मैच में दक्षिण अफ्रीका को रौंदा है, ठीक उसी तरह इस पूरे वर्ल्ड कप में भारत सभी विरोधी टीमों को रौंदना चाहेगा और फिर से एक बार खिताब अपने नाम करना चाहेगा।
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 4 February 2026 at 22:40 IST