अपडेटेड 27 February 2026 at 09:05 IST

IND VS ZIM: ब्रायन बेनेट शतक से चूके फिर भी रच दिया इतिहास, सबसे कम उम्र में ऐसा कारनामा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने

चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में ब्रायन बेनेट ने जबरदस्त पारी खेली। जसप्रीत बुमराह की बॉल पर जोरदार छक्का मारा, जिससे मैच में दर्शकों का दिलचस्प आखिर तक बना रहा।

Follow :  
×

Share


ब्रायन बेनेट जोरदार पारी | Image: Social Media

T20 World Cup 2026 IND VS ZIM: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेले गए मैच ने क्रिकेट फैंस को रोमांच से भर दिया। जहां भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 256 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे टीम की ओर से युवा बल्लेबाज ब्रायन बेनेट ने अपनी धमाकेदार पारी से सबका दिल जीत लिया।

चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में ब्रायन बेनेट ने सिर्फ 59 गेंदों में नाबाद 97 रन बनाए। वह भले ही अपने शतक से सिर्फ 3 रन दूर रह गए, लेकिन उनकी यह पारी किसी शतक से कम नहीं रही। इस दौरान उन्होंने भारतीय गेंदबाजों, खासकर जसप्रीत बुमराह, के खिलाफ भी निडर होकर बड़े-बड़े शॉट लगाए।

सिकंदर रजा का रिकॉर्ड टूटा

इस शानदार पारी के साथ ब्रायन बेनेट ने जिम्बाब्वे के दिग्गज खिलाड़ी सिकंदर रजा का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया। अब वह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में जिम्बाब्वे के लिए सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड रजा के नाम था, जिन्होंने 2022 में आयरलैंड के खिलाफ 82 रन बनाए थे।

छक्के के साथ पूरा किया अर्धशतक

ब्रायन बेनेट ने अपना अर्धशतक सिर्फ 34 गेंदों में पूरा किया। उन्होंने 4 चौके और 3 छक्के लगाए। खास बात यह रही कि उन्होंने जसप्रीत बुमराह की गेंद पर जोरदार छक्का मारकर 50 रन पूरे किए, जिससे पूरा स्टेडियम गूंज उठा।

बने जिम्बाब्वे के ‘सिक्सर किंग’

इस मैच में बेनेट ने कुल 6 छक्के लगाए और टी20 वर्ल्ड कप में एक पारी में जिम्बाब्वे के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड भी सिकंदर रजा के नाम था, जिन्होंने एक पारी में 5 छक्के लगाए थे।

चौकों-छक्कों से बनाए सबसे ज्यादा रन

ब्रायन बेनेट ने अपनी 97 रनों की पारी में से 68 रन सिर्फ चौकों और छक्कों से बनाए। उन्होंने 8 चौकों से 32 रन और 6 छक्कों से 36 रन बटोरे। यह भी जिम्बाब्वे के लिए टी20 वर्ल्ड कप में एक नया रिकॉर्ड है।

एक वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा अर्धशतक

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलते हुए ब्रायन बेनेट तीन अर्धशतक लगा चुके हैं। वह एक ही विश्व कप में जिम्बाब्वे के लिए तीन बार 50 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने ब्रेंडन टेलर का रिकॉर्ड तोड़ा।

कौन हैं ब्रायन बेनेट?

ब्रायन बेनेट का जन्म 10 नवंबर 2003 को हरारे में हुआ था। वह जिम्बाब्वे के सबसे प्रतिभाशाली युवा क्रिकेटरों में से एक हैं। उनके जुड़वां भाई डेविड बेनेट भी पेशेवर क्रिकेटर हैं। उनके पिता केली बेनेट एक ब्लूबेरी किसान हैं, जिन्होंने अपने बेटों के क्रिकेट सपने को पूरा करने के लिए उन्हें अच्छे स्कूलों में पढ़ाया।

अंडर-19 वर्ल्ड कप से मिली पहचान

ब्रायन बेनेट पहली बार सुर्खियों में तब आए, जब उन्हें 2022 अंडर-19 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे का उपकप्तान बनाया गया। उस टूर्नामेंट में उन्होंने 6 मैचों में 273 रन बनाए, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल थे। इसके बाद उन्होंने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया और जल्द ही अंतरराष्ट्रीय टीम में अपनी जगह पक्की कर ली।

भारत के खिलाफ खेली गई यह नाबाद 97 रनों की पारी साबित करती है कि ब्रायन बेनेट आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बड़े सितारे बन सकते हैं। उनकी इस पारी ने न सिर्फ जिम्बाब्वे क्रिकेट को नई उम्मीद दी है, बल्कि दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों को भी प्रभावित किया है।

 

यह जरूर पढ़ें: T20 World Cup 2026: कौन है इंग्लैंड के खिलाफ पाकिस्तान की हार का असली गुनहगार, कप्तान सलमान आगा का फूटा गुस्सा; किसे ठहराया जिम्मेदार?

 

Published By : Samridhi Breja

पब्लिश्ड 27 February 2026 at 09:05 IST