अपडेटेड 10 March 2026 at 08:48 IST
T20 World Cup 2026: भारत ने जीत लिया वर्ल्ड कप फिर अर्शदीप सिंह पर क्यों एक्शन लेने वाली है ICC? फाइनल में तोड़ा था क्रिकेट का ये नियम
शानदार जीत के बीच टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह सुर्खियों में हैं। कारण है उनका एक आक्रामक थ्रो।
T20 World Cup 2026 Ind Vs NZ: भारतीय क्रिकेट टीम ने आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से शानदार शिकस्त देकर तीसरी बार खिताब पर कब्जा किया। रविवार (8 मार्च) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255/5 का मजबूत स्कोर बनाया, जिसमें संजू सैमसन की 89 रनों की पारी मुख्य रही। न्यूजीलैंड 159 रनों पर आउट हो गई, जिसमें जसप्रीत बुमराह ने चार विकेट चटकाए।
भारत अब टी20 वर्ल्ड कप की सबसे सफल टीम बन गया है, जिसने 2007, 2024 और अब 2026 में खिताब जीते। यह पहला मौका है जब किसी टीम ने लगातार दो संस्करणों में यह ट्रॉफी अपने नाम की और घरेलू मैदान पर जीत हासिल की। इस शानदार जीत के बीच टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह सुर्खियों में हैं। कारण है उनका एक आक्रामक थ्रो।
अर्शदीप और डेरिल मिचेल के बीच हुआ विवाद
न्यूजीलैंड की पारी के 11वें ओवर में अर्शदीप ने डेरिल मिचेल द्वारा खेली गई गेंद को स्टंप्स की ओर फेंका, जो सीधे मिचेल के जांघ पर लग गई। इससे मिचेल भड़क गए और उन्होंने अंपायर से शिकायत की, जिसके बाद दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बीच में आकर स्थिति संभाली। अर्शदीप ने ओवर की आखिरी गेंद के बाद मिचेल से माफी मांगी और दोनों ने गले मिलकर मामला शांत किया।
ICC कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन, लग सकता है जुर्माना
यह घटना आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.9 के दायरे में आती है, जो किसी खिलाड़ी की ओर गेंद या उपकरण खतरनाक तरीके से फेंकने को खेल भावना के खिलाफ मानता है! यह लेवल-1 उल्लंघन है, जिसमें मैच फीस का 50% तक जुर्माना और 1-2 डिमेरिट पॉइंट्स लग सकते हैं। अगर 24 महीनों में चार डिमेरिट पॉइंट्स हो जाते हैं, तो खिलाड़ी पर एक टेस्ट या दो व्हाइट बॉल मैचों का प्रतिबंध लग सकता है। आईसीसी इसकी जांच कर सकती है, भले ही माफी हो चुकी हो।
जेडन सील्स पर लगा था 25% जुर्माना
पिछले साल अक्टूबर में वेस्टइंडीज के जेडन सील्स पर यशस्वी जायसवाल की ओर गेंद फेंकने के लिए मैच फीस का 25% जुर्माना और एक डिमेरिट पॉइंट लगा था। सील्स ने आरोप को चुनौती दी थी, लेकिन सुनवाई के बाद सजा कायम रही। अब सभी की निगाहें अर्शदीप पर आईसीसी के फैसले पर टिकी हैं।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 10 March 2026 at 08:48 IST