'वह सिर्फ 15 साल का बच्चा है, उसे रहने दो', टीम इंडिया में चयन के बाद वैभव सूर्यवंशी को लेकर ऐसा क्यों बोले सौरव गांगुली?

15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के भारतीय टीम में चयन पर पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने बड़ा बयान दिया है। गांगुली ने फैंस से अपील की है कि वे इस युवा खिलाड़ी पर दबाव न बनाएं, क्योंकि आईपीएल और टीम इंडिया के लिए खेलने के प्रेशर में बहुत अंतर होता है।

Sourav Ganguly on Vaibhav Sooryavanshi | Image: X

Sourav Ganguly on Vaibhav Sooryavanshi: भारतीय क्रिकेट इतिहास में सबसे कम उम्र में राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने वाले 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इन दिनों चर्चा का मुख्य केंद्र बने हुए हैं। IPL 2026 में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से तबाही मचाने के बाद उन्हें आगामी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए सीनियर टीम में चुन लिया गया है। 

इस ऐतिहासिक चयन के बाद पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज क्रिकेटर सौरव गांगुली ने वैभव का खुलकर समर्थन किया है। गांगुली ने प्रशंसकों और खेल विशेषज्ञों से अपील की है कि वे इस नए खिलाड़ी पर उम्मीदों का अनावश्यक बोझ न डालें और उसे मैदान पर खुलकर अपनी नेचुरल क्रिकेट खेलने दें।

गांगुली बोले- ‘भारत के लिए खेलने का दबाव अलग’

सौरव गांगुली ने काबुनी एंड मी बिज के इवेंट में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, "मुझे लगता है कि हमें उसे उसके हाल पर छोड़ देना चाहिए। वह अभी केवल 15 साल का बच्चा है और मुझे नहीं लगता कि वह दबाव के बारे में बहुत अधिक सोचता होगा। हमने IPL में उसकी निडरता देखी है, लेकिन भारत के लिए खेलने का दबाव अलग होता है।" 

गांगुली ने आगे कहा कि वैभव ऐसे दौरों पर जा रहा है जहां पिचें भारत से काफी अलग होंगी। उन्होंने कहा कि वैभव में अपार प्रतिभा है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की शुरुआत में ही उनसे तुरंत किसी बड़े चमत्कार की उम्मीद करना गलत होगा, इसलिए उन्हें टीम में जमने का पूरा मौका दिया जाना चाहिए।

June 7, 2026

IPL में 'ऑरेंज कैप' जीतकर मचा चुके हैं तबाही

महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के चयन को लेकर चयनकर्ताओं के मन में कोई संशय नहीं था, क्योंकि उन्होंने IPL में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए दुनिया के सबसे दिग्गज गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी थीं। वैभव ने पूरे सीजन में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का लोहा मनवाते हुए सबसे ज्यादा 776 रन बनाए और 'ऑरेंज कैप' पर कब्जा किया था। 

इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 237.3 का रहा, जिसमें एक शानदार शतक और पांच अर्धशतक भी शामिल थे। इसी तूफानी प्रदर्शन के दम पर चयनकर्ताओं ने उन्हें सीनियर टी20 टीम में शामिल करने का फैसला किया।

निशाने पर है तेंदुलकर का रिकॉर्ड

यदि वैभव सूर्यवंशी आगामी 26 जून को आयरलैंड के खिलाफ होने वाले पहले टी20 मैच की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बनते हैं, तो वे एक नया इतिहास रच देंगे। वह महज 15 साल और 3 महीने की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले भारत के सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे। ऐसा करके वे क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का 35 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ देंगे, जिन्होंने साल 1989 में 16 साल की उम्र में पाकिस्तान के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था।

विदेशी सरजमीं पर होगी वैभव की परीक्षा

चयन के बाद अब वैभव सूर्यवंशी के सामने विदेशी परिस्थितियों में खुद को साबित करने की बड़ी चुनौती होगी। भारतीय टीम को जून के आखिरी सप्ताह में आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैच खेलने हैं, जिसके तुरंत बाद 1 जुलाई से 11 जुलाई के बीच इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जानी है। 

ये भी पढ़ें: 'मैंने कम उम्र में ही अपनी कमियों को...', टीम इंडिया की कप्तानी मिलने के बाद श्रेयस अय्यर ने ऐसा क्यों कहा? बोले- मेरे जैसे खिलाड़ी को…

Published By : Shashank Kumar

पब्लिश्ड 8 June 2026 at 10:07 IST