अपडेटेड 17 September 2025 at 17:02 IST

18 चौके-छक्के, 77 गेंद पर शतक... स्मृति मंधाना ने बनाया महारिकॉर्ड, कंगारुओं के खिलाफ मचाया कोहराम

Smriti Mandhana: भारत की 'क्वीन' स्मृति मंधाना ने 77 गेंद पर शतक जड़कर कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए। वो ODI में दूसरी सबसे तेज सेंचुरी जड़ने वाली भारतीय महिला क्रिकेटर बनीं। दिलचस्प बात ये है कि स्मृति के नाम ही भारत की तरफ से सबसे तेज वनडे शतक का रिकॉर्ड भी है।

Follow :  
×

Share


स्मृति मंधाना ने 77 गेंद पर जड़ा शतक | Image: BCCI WOMEN

Smriti Mandhana Hundred: भारत की 'क्वीन' स्मृति मंधाना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि इस समय दुनिया में उनसे बेहतर ODI बल्लेबाज कोई नहीं है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में स्मृति ने 77 गेंदों पर शतक जड़कर सनसनी मचा दी। बाएं हाथ की स्टार महिला क्रिकेटर ने 91 गेंदों पर 117 रनों की शानदार पारी खेली और कंगारू गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए।

न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेन्द्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद स्मृति मंधाना और उनकी ओपनिंग पार्टनर प्रतिका रावल ने 70 रनों की साझेदारी कर भारतीय महिला क्रिकेट टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। प्रतिका 25 रन बनाकर आउट हो गईं, लेकिन स्मृति मंधाना ने बल्ले से कोहराम मचाना जारी रखा और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बड़ा रिकॉर्ड बना दिया।

स्मृति मंधाना ने 77 गेंद पर जड़ा शतक

स्मृति मंधाना ने 77 गेंद पर शतक जड़कर कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए। वो ODI में दूसरी सबसे तेज सेंचुरी जड़ने वाली भारतीय महिला क्रिकेटर बनीं। दिलचस्प बात ये है कि स्मृति के नाम ही भारत की तरफ से सबसे तेज वनडे शतक का रिकॉर्ड भी है, जब उन्होंने इसी साल राजकोट में आयरलैंड के खिलाफ 70 गेंदों पर शतक जड़कर सनसनी मचाई थी। स्मृति मंधाना ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी दूसरी सबसे तेज शतक जड़ने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने इस मामले में नेट साइवर ब्रंट का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 79 गेंदों पर ये कारनामा किया था।

स्मृति मंधाना ने बनाया महारिकॉर्ड

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में 117 रनों की पारी खेलकर स्मृति मंधाना ने एक और विशाल रिकॉर्ड अपने नाम किया। वो दो अलग-अलग कैलेंडर ईयर में तीन या अधिक शतक दर्ज करने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बन गई हैं। इसके अलावा स्मृति मंधाना महिला क्रिकेट में 15 अंतर्राष्ट्रीय शतक पूरे करने वाली पहली एशियाई बल्लेबाज बन गईं।

स्मृति मंधाना ने वनडे में कितने शतक जड़े हैं?

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में स्मृति मंधाना ने 14 चौके और 4 छक्कों की मदद से 117 रन बनाए। उन्होंने 77 गेंदों पर शतक जड़ा। स्मृति अब महिला ODI क्रिकेट में सबसे अधिक शतक ठोकने के मामले में संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर आ गई हैं। स्मृति मंधाना के नाम अब एकदिवसीय क्रिकेट में 12 शतक हो गए हैं। इस मामले में ऑस्ट्रेलिया की पूर्व स्टार बल्लेबाज मेग लैनिंग 15 सेंचुरी के साथ टॉप पर हैं। 

इसे भी पढ़ें: टेस्ट सीरीज के लिए टीम का ऐलान, सचिन के साथ खेलने वाले महान क्रिकेटर के बेटे की सरप्राइज एंट्री


 

Published By : Ritesh Kumar

पब्लिश्ड 17 September 2025 at 17:02 IST