अपडेटेड 10 October 2025 at 11:12 IST

शुभमन गिल ने जीता टॉस तो मैदान पर जश्न क्यों मनाने लगी टीम इंडिया? गंभीर ने तो बधाई भी दी, आखिर क्या है मामला?

IND vs WI 2nd Test: शुभमन गिल को इंग्लैंड दौरे से पहले टीम इंडिया का टेस्ट कप्तान बनाया गया था। इंग्लैंड के खिलाफ भारत ने 5 टेस्ट खेले, लेकिन एक बार भी सिक्का शुभमन गिल के पाले में नहीं गिरा। वेस्टइंडीज के खिलाफ अहमदाबाद में उन्होंने पहली बार अपने देश में कप्तानी की, लेकिन वहां भी किस्मत ने गिल का साथ नहीं दिया।

Follow :  
×

Share


शुभमन गिल ने टेस्ट में पहली बार जीता टॉस | Image: BCCI.TV

IND vs WI 2nd Test: भारत और वेस्टइंडीज के बीच दिल्ली में सीरीज का दूसरा टेस्ट खेला जा रहा है। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में मैदान पर दिलचस्प नजारा देखने को मिला। जैसे ही सिक्का भारतीय कप्तान शुभमन गिल के पक्ष में गिरा, टीम इंडिया के खिलाड़ी जश्न में डूब गए और मैदान पर मस्ती करने लगे। सभी खिलाड़ियों ने कप्तान गिल को बधाई भी दी, जिसमें हेड कोच गौतम गंभीर भी शामिल थे। आइए जानते हैं इसके पीछे की बड़ी वजह क्या है।

वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं हुआ है। वहीं, वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव हुए हैं। खैर ये तो हुई मैच से जुड़ी जरूरी बात, लेकिन असली मजा तो टॉस के बाद आया जब टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने शुभमन गिल की खिंचाई की।

शुभमन गिल ने पहली बार जीता टॉस

शुभमन गिल को इंग्लैंड दौरे से पहले टीम इंडिया का टेस्ट कप्तान बनाया गया था। इंग्लैंड के खिलाफ भारत ने 5 टेस्ट खेले, लेकिन एक बार भी सिक्का शुभमन गिल के पाले में नहीं गिरा। वेस्टइंडीज के खिलाफ अहमदाबाद में उन्होंने पहली बार अपने देश में कप्तानी की, लेकिन वहां भी किस्मत ने गिल का साथ नहीं दिया। आखिरकार देश की राजधानी में शुभमन की किस्मत चमकी और 6 लगातार टॉस हारने के बाद आज सिक्का उनके पाले में गिरा।

खिलाड़ियों ने गिल के साथ की मस्ती

जैसे ही शुभमन गिल टॉस जीते, पीछे खड़े खिलाड़ियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देख सकते हैं कि टॉस जीतने के बाद गिल पीछे देख रहे हैं। गौतम गंभीर और जसप्रीत बुमराह उन्हें देखकर मुस्कुरा रहे हैं। उसके बाद बाकी खिलाड़ी भी उनके साथ मस्ती करते दिखे।

बाल-बाल बचे शुभमन गिल

कप्तान बनने के बाद टॉस जीतने के लिए शुभमन गिल को 6 मैचों तक इंतजार करना पड़ा। अगर वो 7वें मुकाबले में भी टॉस नहीं जीतते तो उनके नाम एक अनोखा रिकॉर्ड दर्ज हो जाता और वो है कप्तान बनने के बाद लगातार सबसे ज्यादा टॉस हारने का रिकॉर्ड। ये रिकॉर्ड फिलहाल न्यूजीलैंड के बेवन कॉन्गडन के नाम है जिन्होंने कैप्टन बनने के बाद लगातार 7 टॉस हारे थे। शुभमन गिल और न्यूजीलैंड के ही टॉम लैथम संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं, दोनों ने लगातार 6 टॉस हारे।

इसे भी पढ़ें: INDW vs SAW: ऋचा घोष की ऐतिहासिक पारी पर किसने फेरा पानी? 8वें नंबर की बल्लेबाज ने पलट दी बाजी, बना वर्ल्ड रिकॉर्ड


 

Published By : Ritesh Kumar

पब्लिश्ड 10 October 2025 at 11:12 IST