IND Vs AFG: घूरा, कुछ बोलते हुए गए और...रन आउट होने पर रोहित शर्मा ने शुभमन गिल को क्या बोला था? कैप्टन ने रीप्ले का जिक्र कर बताया सच
भारत और अफगानिस्तान के बीच शनिवार (13 जून) को धर्मशाला में खेले गए वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में ऐसा पल देखने को मिला, जिसने करोड़ों भारतीय फैन्स को निराश कर दिया।
- खेल समाचार
- 2 min read
IND Vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच शनिवार (13 जून) को धर्मशाला में खेले गए वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में ऐसा पल देखने को मिला, जिसने करोड़ों भारतीय फैन्स को निराश कर दिया। शानदार लय में दिख रहे रोहित शर्मा कप्तान शुभमन गिल के साथ गलतफहमी का शिकार हुए और रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। रोहित शर्मा पवेलियन लौटते समय गुस्से में नजर आ रहे थे और अपनी साथी खिलाड़ी शुभमन गिल से खुश नहीं दिख रहे थे। हालांकि, जब रीप्ले उन्होंने देखा तो दूध का दूध और पानी का पानी हो गया था। इसके बारे में मैच के बाद खुद शुभमन गिल ने खुलासा किया।
गिल ने यह भी माना कि रोहित शर्मा का रन आउट होना दुर्भाग्यपूर्ण था, क्योंकि नॉन स्ट्राइकर एंड पर खड़े भारतीय कप्तान लगभग गेंदबाज से टकरा गए थे, जो गेंद की ओर दौड़े और उन्हें पूर्व कप्तान की कॉल का जवाब देने से रोक दिया। 195 रनों की रन चेज में नाबाद 85 रनों की पारी खेलने वाले शुभमन गिल से जब पूछा गया कि रन आउट को लेकर रोहित शर्मा के साथ उनकी क्या बातचीत हुई? इस पर गिल ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में कहा, "रोहित ने रीप्ले देखा और कहा कि रन आउट ठीक है।"
पहले भी हो चुका है ऐसा
यह साल 2024 की बात है, उन दिनों रोहित शर्मा टी20 कप्तान हुआ करते थे और अफगानिस्तान के साथ मोहाली में मैच खेला जा रहा था। गेंद को मिड-ऑफ की दिशा में धकेल कर रोहित शर्मा भागते हुए नॉन-स्ट्राइकिंग एंड तक पहुंच गए थे, लेकिन शुभमन गिल ने अपनी क्रीज छोड़ी ही नहीं। जब रोहित रन आउट हुए तो गुस्से में आकर ड्रेसिंग रूम की तरफ लौटे थे।
भारत ने जीता मैच
धर्मशाला में बारिश के कारण मैच कई घंटे की देरी से शुरू हुआ। भारी बारिश के कारण ओवरों की संख्या घटाकर 25-25 कर दी गई। अफगानिस्तान के लिए रहमनुल्लाह गुरबाज ने वनडे में सबसे तेज शतक (48 गेंद) जड़कर इतिहास रच दिया। उनकी शतकीय पारी की मदद से अफगानिस्तान ने 194 रन बनाए। जवाब में टीम इंडिया के लिए कप्तान शुभमन गिल 84 रन बनाकर नाबाद लौटे। उनके अलावा ईशान किशन ने 34 रन और केएल राहुल ने अंत में आकर 19 गेंद में 39 रनों की तूफानी पारी खेल टीम इंडिया की जीत सुनिश्चित की।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 14 June 2026 at 13:19 IST