अपडेटेड 12 June 2024 at 23:19 IST
शार्दुल ठाकुर के पैर की लंदन में हुई सर्जरी, 3 महीने नहीं खेल पाएंगे क्रिकेट
भारतीय स्टार खिलाड़ी शार्दुल ठाकुर ने लंदन में पैर की सफल सर्जरी करा ली है। जानकारी के मुताबिक वो कम से कम 3 महीने तक क्रिकेट नहीं खेल पाएंगे।
Shardul Thakur Surgery: भारत के ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर (Shardul Thakur) के पैर की बुधवार को लंदन में सर्जरी हुई और संभावना है कि वो कम से कम तीन महीने तक प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से बाहर रहेंगे। ये उनके पैर की दूसरी सर्जरी है। पांच साल पहले 2019 में भी उनके पैर की सर्जरी हुई थी।
इस 32 वर्षीय खिलाड़ी ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर सर्जरी के बाद की तस्वीर साझा की जिसके कैप्शन में लिखा-
ऑपरेशन सफलतापूर्वक हुआ।
इस साल की शुरुआत में साउथ अफ्रीका दौरे के दौरान चोट फिर से उभर आई थी, हालांकि वो पिछले सीजन में रणजी ट्रॉफी में शानदार वापसी करने में सफल रहे और मुंबई को अपना 42वां खिताब जीतने में मदद की। उन्होंने खिलाड़ियों के उबरने और तैयारी के लिए पर्याप्त समय के लिए भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) से मैचों के बीच लंबे ब्रेक का अनुरोध किया था। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के हाल में संपन्न सत्र में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए खेलते हुए उन्होंने नौ मैच में 9.75 की इकोनॉमी रेट से केवल पांच विकेट लिए।
बता दें कि शार्दुल ठाकुर BCCI के ग्रेड सी के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्टड प्लेयर हैं, इसलिए उनके इलाज का खर्च BCCI की ओर से उठाया जाएगा। जहां तक उनकी वापसी का सवाल है तो इस बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों का मानना है कि ट्रेनिंग पर वापस आने में उन्हें करीब तीन महीने लगेंगे। संभावना है कि वो आगामी घरेलू सत्र से पहले या ठीक उसी समय वापसी कर सकते हैं।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 12 June 2024 at 23:03 IST