अपडेटेड 22 March 2024 at 10:21 IST
Ruturaj Gaikwad बने CSK के कप्तान तो क्यों ट्रेंड होने लगे जडेजा? धोनी का दांव कहीं उल्टा ना पड़ जाए
IPL 2024 शुरु होने से पहले धोनी ने CSK की कप्तानी छोड़ने का फैसला करते हुए ऋतुराज को कप्तानी सौंप दी लेकिन तभी सोशल मीडिया पर अचानक से जडेजा ट्रेंड करने लगा।
IPL 2024: आईपीएल के 17वें सीजन से ठीक पहले चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस को बड़ा सदमा उस वक्त लगा जब एमएस धोनी ने सीएसके की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया और ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तानी सौंप दी।
जैसे ही ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तान बनने की बात फैंस को पता चली सोशल मीडिया पर अचानक से रविंद्र जडेजा ट्रेंड होने लगे। जडेजा के सोशल मीडिया पर ट्रेंड होने की क्या है वजह? आइए जानते हैं-
धोनी को उल्टा ना पड़ जाए गायकवाड़ को कप्तान बनाने का दांव
एमएस धोनी ने इससे पहले साल 2022 में भी सीएसके की कप्तानी छोड़ी थी। उस वक्त उन्होंने चेन्नई की कमान रविंद्र जडेजा को सौंपी थी। लेकिन जडेजा से चेन्नई की कमान संभाली नही गई और सीएसके ने उस सीजन में रविंद्र जडेजा की कप्तानी में 8 मैचों में हार का सामना किया। जिसके बाद से धोनी को बीच सीजन में ही सीएसके की कप्तानी वापस से करनी पड़ी थी। सीएसके की कप्तानी करते हुए जडेजा के प्रदर्शन में भी काफी गिरावट आई थी।
गायकवाड़ को सौंपी चेन्नई की कमान
27 साल के ऋतुराज गायकवाड़ को अब धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी की कमान सौंपी है। ऋतुराज गायकवाड़ सीएसके के लिए ओपनिंग करते हैं। ऐसे में कप्तानी का बोझ हर खिलाड़ी के बस की बात नही होती है। अब देखना ये है ऋतुराज धोनी के विश्वास पर खरा उतरते हुए सीएसके की कप्तानी और अपने बल्लेबाजी में संतुलन बना पाते हैं या ऋतुराज का भी जडेजा जैसा ही हाल होगा।
धोनी का आखिरी सीजन हो सकता है
महेंद्र सिंह धोनी ने सीएसके की कप्तानी शुरु से ही की है। धोनी ने 2008 से सीएसके की कप्तानी संभालते हुए 5 बार आईपीएल की ट्रॉफी चेन्नई सुपर किंग्स को जितवाई है। आईपीएल 2024 धोनी के करियर का आखिरी आईपीएल हो सकता है। आईपीएल 2023 का खिताब जीतने के बाद धोनी ने कहा था कि वे अपने फैंस के लिए एक और सीजन खेलेंगे। धोनी का सीएसके की कप्तानी छोड़ना इस बात को और पुख्ता कर दे रहा है कि ये धोनी का आखिरी आईपीएल है।
यह भी पढ़ें- CSK vs RCB Dream11: पहले मैच में ही करोड़ों कमाने का मौका, इन खिलाड़ियों को चुन बन सकते हैं मालामाल! - Republic Bharat
Published By : Shubhamvada Pandey
पब्लिश्ड 22 March 2024 at 10:21 IST