यशस्वी जायसवाल का जिक्र, 2027 WC प्लानिंग का हिस्सा नहीं और अब मां-बाप भी पहुंच गए लंदन...तो लॉर्ड्स वनडे में रोहित शर्मा का संन्यास लेना कंफर्म?
लॉर्ड्स में भारत और इंग्लैंड के बीच रविवार को होने वाला तीसरा वनडे मुकाबला रोहित शर्मा के इंटरनेशनल करियर का आखिरी मैच साबित हो सकता है।
- खेल समाचार
- 2 min read
लॉर्ड्स में भारत और इंग्लैंड के बीच रविवार को होने वाला तीसरा वनडे मुकाबला रोहित शर्मा के इंटरनेशनल करियर का आखिरी मैच साबित हो सकता है। हालांकि ना तो अभी तक रोहित शर्मा की तरफ से और ना ही चयनकर्ता और टीम मैनेजमेंट की तरफ से इस मुद्दे पर कोई बयान आया है। मगर इन अटकलों को तेजी तब मिली जब पता चला कि रोहित शर्मा के माता पिता लंदन पहुंच गए हैं। आमतौर पर रोहित के पेरेंट्स मैदान पर उनका मैच देखने के लिए नहीं आते हैं।
CREX की रिपोर्ट के अनुसार रोहित शर्मा के माता-पिता रिटायरमेंट की अफवाहों के बीच पहले ही लंदन पहुंच चुके हैं। रिपोर्ट में आगे दावा किया गया कि सीनियर बैट्समैन ने अपने भविष्य के लिए सिलेक्टर्स के प्लान के बारे में जानने के बाद अपने माता-पिता के लिए लॉर्ड्स ODI में आने का इंतजाम कर लिया था।
'2027 वर्ल्ड कप की योजनाओं में रोहित शर्मा की कोई भूमिका नहीं'
एक अंग्रेजी अखबार की मानें तो ''चयन समिति ने पिछले हफ्ते कोच गौतम गंभीर के साथ मिलकर रोहित शर्मा से इस बारे में बात की थी। चयनकर्ता यशस्वी जायसवाल जैसे युवा खिलाड़ियों को मौका देना चाहते हैं, जो लंबे समय से अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। समिति ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि वह 2027 वर्ल्ड कप की योजनाओं में रोहित शर्मा की कोई भूमिका नहीं देखती।''
एक अन्य अखबार ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है, ''हमें मिली जानकारी के अनुसार, चयन समिति ने फैसला किया है कि इंग्लैंड सिरीज के बाद रोहित शर्मा वनडे टीम की पहली पसंद के रूप में सलामी बल्लेबाज नहीं रहेंगे। मौजूदा स्थिति को देखते हुए, रविवार को लॉर्ड्स में खेला जाने वाला तीसरा वनडे 39 वर्षीय रोहित शर्मा का भारत के लिए आखिरी मैच साबित हो सकता है।''
क्रिकेट के दो फॉर्मेट से पहले ही संन्यास
रोहित शर्मा पहले ही टी20 अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। उन्होंने 29 जून 2024 को भारत को टी20 वर्ल्ड कप जिताने के कुछ ही घंटों बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। इसके बाद सात मई 2025 को इंग्लैंड दौरे से पहले इंस्टाग्राम पर पोस्ट के जरिए उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 17 July 2026 at 13:18 IST