T20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की शानदार जीत पर PM मोदी का आया रिएक्शन, ऐसे जाहिर की अपनी खुशी; जानिए क्या कहा
T20 World Cup Final: T20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की शानदार जीत पर PM मोदी का आया रिएक्शन। भारत की इस शानदार उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी टीम को बधाई देते हुए अपनी खुशी जाहिर की है।
- खेल समाचार
- 3 min read
T20 World Cup Final: ICC मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की ऐतिहासिक जीत पर देश भर में जश्न का माहौल है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों के विशाल अंतर से हराकर लगातार दूसरी और कुल तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। भारत की इस शानदार उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी टीम को बधाई देते हुए अपनी खुशी जाहिर की है।
PM ने टीम वर्क को सराहा
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'X' पर भारतीय टीम की जीत पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने खिलाड़ियों के खेल कौशल और टीम वर्क की जमकर तारीफ की। पीएम मोदी ने लिखा, “ICC पुरुष टी20 विश्व कप जीतने पर भारतीय टीम को हार्दिक बधाई! यह शानदार जीत असाधारण कौशल, दृढ़ संकल्प और टीम वर्क का प्रतीक है। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट साहस का प्रदर्शन किया है। इस जीत ने हर भारतीय के दिल को गर्व और खुशी से भर दिया है। शाबाश, टीम इंडिया!”
केंद्रीय गृह मंत्री ने भी दी बधाई
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी 'X' पर पोस्ट कर भारतीय टीम को बधाई दी। उन्होंने लिखा, “क्या शानदार जीत है... विश्व चैंपियन टीम इंडिया को सलाम। पूरे टूर्नामेंट में आपके असाधारण प्रदर्शन और दृढ़ संकल्प ने देश को गौरव और गर्व दिलाया है। हर भारतीय को गौरवान्वित करने के लिए पूरी टीम को बधाई।”
राहुल गांधी ने भी दी प्रतिक्रिया
लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी टीम इंडिया को बधाई देते हुए संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह के शानदार प्रदर्शन की विशेष सराहना की। उन्होंने 'X' पर लिखा, “एक बार फिर चैंपियन। हमारी भारतीय टीम के लिए यह एक शानदार जीत थी, जिसमें संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह के पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए विशेष सराहना। टीम इंडिया को घरेलू मैदान पर ट्रॉफी बरकरार रखने और देश को एक और अविस्मरणीय पल देने के लिए बधाई।”
CM योगी आदित्यनाथ ने भी दी बधाई
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी भारतीय टीम को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'X' पर लिखा, "जयतु भारतम्! आज फिर आसमान 'तिरंगा' हो गया, 145 करोड़ भारत वासियों को हार्दिक बधाई! विश्व विजेता भारतीय क्रिकेट टीम का हृदयतल से अभिनंदन!"
Published By : Shashank Kumar
पब्लिश्ड 8 March 2026 at 23:02 IST