अपडेटेड 25 February 2026 at 18:20 IST
पाकिस्तानी बल्लेबाज पर ICC का डंडा, आचार संहिता के उल्लंघन में मिली सजा, जानें क्या है पूरा मामला
Pakistan Batter: आचार संहिता उल्लंघन मामले में आईसीसी द्वारा पाकिस्तानी बैटर को सजा सुनाई गई है। इस पाकिस्तानी खिलाड़ी को भारत के खिलाफ भी मैच के दौरान ऐसे ही आरोपों का दोषी पाया गया था।
Pakistan Batter Sidra Amin: पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी सिद्रा अमीन को आईसीसी (ICC) ने आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया है। रविवार, 22 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका बनाम पाकिस्तान महिला टीमों के बीच वनडे मुकाबले में सिद्रा अमीन को आईसीसी नियम के तहत लेवल 1 के आरोप का दोषी पाया गया। दोषी पाए जाने के कारण आईसीसी ने पाकिस्तानी महिला बैटर को सजा भी सुनाई है। सिद्रा अमीन, पिछले दो सालों में दो बार आचार संहिता के उल्लंघन में दोषी पाई गई हैं। आईसीसी ने इस मामले में मैच फीस कटौती के अलावा, एक डिमेरिट अंक भी दिया है।
आईसीसी अनुच्छेद 2.2 के तहत दोषी
आईसीसी (ICC) ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा 'सिद्रा अमीन को अनुच्छेद 2.2 के तहत आईसीसी की आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया, जो अंतर्राष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट से जुड़ी चीजें वस्त्र, मैदान या किसी अन्य चीज को हानि पहुंचाने से संबंधित है। आगे आईसीसी ने कहा 'यह 24 महीने की अवधि में उनका दूसरा उल्लंघन है, जिससे उनके अवमूल्यन अंकों (डिमेरिट अंक) की कुल संख्या दो हो गई है।
ICC ने सुनाई सजा
इस मामले में आरोप लगने के बाद सिद्रा ने उन्हें स्वीकारा। इस मामले में उन्हें उनकी मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगा और साथ ही एक डिमेरिट अंक भी दिया गया। आपको बता दें कि अगर किसी खिलाड़ी पर 2 साल में कुल 4 या उससे अधिक डिमेरिट अंक होते हैं, तो आईसीसी द्वारा उसके ऊपर एक या दो मैचों का प्रतिबंध भी लगाया जाता है।
क्या था पूरा मामला?
दरअसल, यह घटना पाकिस्तान की पारी के 24वें ओवर में घटी, जब आउट होने के बाद सिद्रा ने क्रीज छोड़ने से पहले अपना बल्ला जमीन पर पटक दिया। यह मैच पाकिस्तान बनाम दक्षिण अफ्रीका महिला टीम के बीच खेला जा रहा था। सिद्रा ने इससे पहले 5 अक्टूबर को आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 के दौरान भारत के खिलाफ इसी तरह के अपराध के लिए एक अंक का दंड मिला था।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 25 February 2026 at 18:20 IST