Pakistan: नंबर-1 भारत को हराने का सपना देख रहे पाकिस्तान को इस टीम ने धोया, रैंक टॉप-10 में भी नहीं
आगामी T20 वर्ल्ड कप में भारत को हराने के सपने देख रहा पाकिस्तान एक लो रैंक टीम के खिलाफ हारा है। बाबर आजम की अगुवाई वाली पाक टीम को शर्मनाक हार मिली है।
T20 Cricket: क्रिकेट की दुनिया में भारत-पाकिस्तान (Ind vs Pak) के मैच का एक अलग ही स्थान है। इन चिर प्रतिद्वंद्वियों के बीच क्रिकेट के मैदान पर होने वाली जंग सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रहती, बल्कि ये भावनाओं की जंग बन जाती है। दोनों ही देशों के क्रिकेट फैंस एक-दूसरे के खिलाफ जीत को लेकर काफी जोश में रहते हैं और खिलाड़ियों का भी कुछ यही मानना है।
भारत (India) और पाकिस्तान (Pakistan) के बीच भिड़ंत अब सिर्फ ICC टूर्नामेंट्स में होती है और ये जगजाहिर है कि इन टूर्नामेंट्स में भारत का पलड़ा भारी रहा है। इसका ताजा उदाहरण पिछले साल हुआ वनडे वर्ल्ड कप (ODI World Cup) है, जिसमें रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की अगुवाई वाली भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) ने पाकिस्तान को बुरी तरह से हराया था और अब पाकिस्तान आगामी T20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) में भारत से इस हार का बदला लेना चाहता है, लेकिन लगता है कि उसका ये ख्वाब फिर ख्वाब रह जाएगा, क्योंकि भारत (India) तो छोड़िए, पाकिस्तान (Pakistan) को एक कमजोर टीम ने धो डाला है।
T20 WC से पहले लो रैंक टीम से हारा पाकिस्तान
दुनिया की नंबर-1 T20 टीम भारत को हराने का सपना देख रहे पाकिस्तान को अब एक कमजोर मानी जाने वाली टीम ने हराया है। बड़ी बात ये है कि ये टीम टॉप-10 में भी नहीं है। बाबर आजम (Babar Azam) की अगुवाई वाली पाकिस्तान क्रिकेट टीम (Pakistan Cricket Team) इस वक्त आयरलैंड दौरे पर है। 2024 T20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2024) से पहले पाकिस्तान (Pakistan) आयरलैंड (Ireland) के खिलाफ 3 मैचों की T20 सीरीज खेला रहा है, जिसका पहला मैच शुक्रवार, 10 मई को खेला गया। डबलिन में हुए इस मैच में मेजबान आयरलैंड ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया।
पहले T20 मैच का लेखा-जोखा
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 182 रन का अच्छा स्कोर बनाया। कप्तान बाबर आजम ने अर्धशतक बनाया, लेकिन उनकी ये पारी सुस्त रही। बाबर ने 43 गेंदों पर 57 रन बनाए। अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान 1 रन पर आउट हो गए, हालांकि सईम अयूब और इफ्तिखार अहमद ने तूफानी बल्लेबाजी की। अयूब ने 29 गेंदों पर 45, जबकि इफ्तिखार ने 15 गेंदों पर ताबड़तोड़ 37 रन बनाए। शाहीन अफरीदी ने भी 8 गेंदों पर 14 रन का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत पाकिस्तान 182 के स्कोर तक पहुंचा, लेकिन ये स्कोर पर्याप्त साबित नहीं हुआ। अनुभवी सलामी बल्लेबाज एंड्रयू बालबर्नी के बेहतरीन अर्धशतक की मदद से आयरलैंड ने 19.5 ओवर में 183 रन बनाकर 1 गेंद शेष रहते हुए 5 विकेट से मैच जीत लिया।
बालबर्नी की 55 गेंदों पर 77 रन की पारी के अलावा हैरी टेक्टर ने 27 गेंदों पर 36, जॉर्ज डॉकरेल ने 12 गेंदों पर 24 और कर्टिस कैंफर ने 7 गेंदों पर 15 रन बनाए। इन शानदार पारियों के दम पर आयरलैंड ने पाकिस्तान को पहले T20 मुकाबले में धूल चटाई और 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली।
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 11 May 2024 at 18:59 IST