अपडेटेड 28 August 2025 at 11:35 IST
एक गेंद पर 22 रन ... कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं रहा ये गेंदबाज, RCB के बल्लेबाज ने मार-मारकर किया बर्बाद!
CPL 2025: एक ओवर में 6 छक्के और 36 रन बनने का रिकॉर्ड तो कई बार दर्ज हो चुका है, लेकिन CPL 2025 में सेंट लूसिया किंग्स के तेज गेंदबाज ओशेन थॉमस ने महज एक गेंद पर 22 रन लुटाने का अनोखा और शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करवा लिया। RCB के स्टार खिलाड़ी रोमारियो शेफर्ड ने एक बॉल पर 20 रन बना डाले।
CPL 2025: कैरेबियन प्रीमियर लीग 2025 के 13वें मैच में वो हुआ, जिसकी उम्मीद शायद ही किसी क्रिकेट फैंस ने की होगी। आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की तरफ से धमाल मचाने वाले विस्फोटक बल्लेबाज रोमारियो शेफर्ड ने एक गेंदबाज को इतना मारा कि वो मैदान पर किसी को मुंह दिखाने लायक नहीं रहा। डैरेन सैमी राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सेंट लूसिया किंग्स ने गुयाना अमेजन वॉरियर्स को 4 विकेट से हरा दिया।
गुयाना अमेजन वॉरियर्स भले ही ये मुकाबला हार गई, लेकिन स्टार ऑलराउंडर रोमारियो शेफर्ड ने अद्भुत कारनामा कर महफिल लूट ली। उन्होंने बल्ले से तबाही मचाते हुए 34 गेंदों पर 73 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। इस दौरान रोमारियो ने सेंट लूसिया किंग्स के तेज गेंदबाज ओशेन थॉमस को आड़े हाथों लिया और एक गेंद पर 20 रन बनाकर ऐसा रिकॉर्ड बना दिया, जिसे तोड़ना लगभग नामुमकिन है। ओशेन थॉमस ने एक गेंद पर 22 रन लुटा दिए।
ओशेन थॉमस ने एक गेंद पर दिए 22 रन
एक ओवर में 6 छक्के और 36 रन बनने का रिकॉर्ड तो कई बार दर्ज हो चुका है, लेकिन CPL 2025 में सेंट लूसिया किंग्स के तेज गेंदबाज ओशेन थॉमस ने महज एक गेंद पर 22 रन लुटाने का अनोखा और शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करवा लिया। ये पूरी घटना पहली पारी के 15वें ओवर में हुई। ओवर की तीसरी गेंद नो-बॉल थी। इसके बाद उन्होंने एक वाइड फेंकी। अगली दो गेंदें भी नो-बॉल रहीं और शेफर्ड ने दोनों पर छक्के जड़ दिए। इस तरह, दोनों गेंदों पर सात-सात रन बने। आखिरकार उन्होंने एक लीगल गेंद डाली, जिस पर शेफर्ड ने फिर से छक्का जड़ दिया। यानी सिर्फ एक गेंद पर 22 रन बन गए।
ओशेन थॉमस पर लगा कलंक!
इसके साथ ही तेज गेंदबाज ओशेन थॉमस पर ऐसा दाग लगा, जिसे वो शायद ही कभी भूल पाएंगे। आईपीएल 2019 और 2020 में राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए खेलने वाले थॉमस एक ही गेंद पर 20 से ज्यादा रन देने वाले इतिहास के पहले गेंदबाज बन गए। वहीं रोमारियो शेफर्ड एक ही गेंद पर तीन छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने।
ओवर में आए 33 रन
एक ही गेंद पर 22 रन लुटाने के बाद ओशेन थॉमस ने इस ओवर में कुल 33 रन खर्च किए। इफ्तिखार अहमद ने ओवर की आखिरी गेंद पर एक और छक्का जड़ा। दाएं हाथ के पेसर ने अपने 4 ओवर में 63 रन लुटाए और एक विकेट अपने नाम किया।
फिर भी हार गई गुयाना अमेजन वॉरियर्स
ओशेन थॉमस के एक गेंद पर 22 रन लुटाने और स्कोरबोर्ड पर 202 रन लगाने के बाद भी गुयाना अमेजन वॉरियर्स ये मुकाबला हार गई। लक्ष्य का पीछा करते हुए 21 साल के युवा बल्लेबाज एकीम ऑगस्टे ने 35 गेंदों पर 73 रनों की तूफानी पारी खेली और सेंट लूसिया किंग्स को मैच जिताने में अहम भूमिका निभाई।
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 28 August 2025 at 11:35 IST