अपडेटेड 28 February 2026 at 19:58 IST

KL Rahul Bowling: रणजी फाइनल में केएल राहुल करने लगे गेंदबाजी, वीडियो वायरल, फैंस बोले- ‘विकेट भी मिल जाता पर...’

KL Rahul Bowling: रणजी ट्रॉफी फाइनल में कर्नाटक के केएल राहुल ने 11 साल बाद गेंदबाजी की। वह अपना पहला फर्स्ट क्लास विकेट लेने के करीब थे, लेकिन मयंक अग्रवाल ने स्लिप में कैच छोड़ दिया।

Follow :  
×

Share


KL Rahul Bowling Video viral | Image: X

KL Rahul Bowling: टी20 वर्ल्ड कप के बीच भारतीय क्रिकेटर केएल राहुल ने एक ऐसा कारनामा कर दिया है, जिससे वह फिर से एक बार चर्चा का विषय बन गए हैं। वह घरेलू क्रिकेट के सबसे बड़े मंच रणजी ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में अपने हाथ में गेंद लिए नजर आए। 

बता दें, कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर के बीच खेले गए खिताबी मुकाबले के आखिरी दिन भारतीय स्टार बल्लेबाज केएल राहुल ने गेंदबाजी की। उन्हें करीब 11 साल बाद फर्स्ट क्लास क्रिकेट में गेंदबाजी करते देख फैंस हैरान रह गए। अब सोशल मीडिया पर उनकी गेंदबाजी का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

विकेट लेने से चूके

रणजी का यह मैच केएल राहुल के लिए ऐतिहासिक हो सकता था, क्योंकि अपने 120 मैचों के फर्स्ट क्लास करियर में उन्हें अब तक एक भी विकेट नहीं मिला है लेकिन, 83वें ओवर में राहुल के पास अपना पहला विकेट लेने का सुनहरा मौका था, जो उन्होंने मयंक अग्रवाल के चलते गंवा दिया।

मयंक अग्रवाल ने छोड़ा कैच

दरअसल, उनके स्पेल में एक बॉल ऐसी थी, जो बल्लेबाज साहिल लोत्रा के बल्ले का किनारा लेकर स्लिप की ओर गई, लेकिन वहां खड़े मयंक अग्रवाल ने एक बेहद आसान कैच टपका दिया। कैच छूटते ही राहुल के चेहरे पर गुस्सा साफ देखा जा सकता था। इसके बाद फैंस ने इस पर चुटकी लेते हुए कहा कि ‘दोस्त ने ही दोस्त का ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनने से रोक दिया।'

वहीं, एक यूजर ने वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा, ‘मयंक और राहुल के बीच क्यूट फाइट हुई। मैच में राहुल को विकेट मिल जाता लेकिन मयंक ने बॉल गिरा दिया।’

11 साल बाद की गेंदबाजी

दिलचस्प है कि केएल राहुल ने आखिरी बार साल 2015 में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में गेंदबाजी की थी यानी 11 साल पहले। दरअसल, मैच की स्थिति ऐसी थी कि जम्मू-कश्मीर का चैंपियन बनना लगभग तय हो चुका था। पहली पारी के आधार पर बढ़त हासिल करने के बाद जम्मू-कश्मीर ने दूसरी पारी में भी 300 से ज्यादा रन बना लिए थे। जब मुख्य गेंदबाज विकेट लेने में नाकाम रहे, तो कप्तान देवदत्त पडिक्कल ने प्रयोग के तौर पर केएल राहुल को गेंद सौंपी। इसके बाद राहुल ने 2 ओवरों में 15 रन दिए।

जम्मू-कश्मीर ने पहली बार जीता खिताब

मुकाबले की बात करें तो हुबली के मैदान पर जम्मू-कश्मीर ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की। पहली पारी में शुभम पुंडीर के शानदार शतक (121 रन) की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने 584 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। 

जवाब में कर्नाटक की टीम पहली पारी में महज 293 रनों पर ढेर हो गई, जिसमें केएल राहुल भी बल्ले से फ्लॉप रहे और सिर्फ 13 रन बना सके। पहली पारी के आधार पर मिली बड़ी बढ़त ने जम्मू-कश्मीर की जीत सुनिश्चित कर दी।

ये भी पढ़ें: PAK vs SL T20 WC: अगर पाकिस्तान और श्रीलंका का मैच चढ़ा बारिश की भेंट, तो किसे होगा फायदा? कौन होगा सेमीफानल का दावेदार?

Published By : Sakshi Bansal

पब्लिश्ड 28 February 2026 at 19:58 IST