खून-पसीना-त्याग, मैंने अपना सबकुछ दिया लेकिन...हरमनप्रीत कौर ने अचानक छोड़ी भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी; इंस्टाग्राम पर खोला दर्द
अपनी अगुवाई में भारत को 2025 का वर्ल्ड कप जिताने वाली दिग्गज क्रिकेटर हरमनप्रीत कौर ने भारतीय महिला टीम की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया है। अब वह किसी भी फॉर्मेट में टीम की कप्तानी नहीं करेंगी।
- खेल समाचार
- 3 min read
अपनी अगुवाई में भारत को 2025 का वर्ल्ड कप जिताने वाली दिग्गज क्रिकेटर हरमनप्रीत कौर ने भारतीय महिला टीम की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया है। अब वह किसी भी फॉर्मेट में टीम की कप्तानी नहीं करेंगी। हाल ही में हरमन की ही लीडरशिप में भारत ने लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट इवेंट का गोल्ड मेडल जीता था। हरमनप्रीत कौर ने कप्तानी छोड़ने का फैसला उपकप्तान स्मृति मंधाना, हेड कोच अमोल मजूमदार और बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया के साथ हुई बैठक के बाद लिया।
हरमनप्रीत कौर ने मिताली राज के बाद टीम की कप्तानी संभाली थी। हरमनप्रीत ने कहा है कि उनके लिए यह फैसला आसान नहीं था। उन्होंने लिखा, "आज, मैं तीनों फॉर्मेट में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी से इस्तीफा देती हूं। यह आसान फैसला नहीं रहा है। इसमें वो सारी यादें, पल, भावनाएं और बलिदान हैं जो जीवन भर मेरे साथ रहेंगे।"
हरमनप्रीत कौर ने लिखा भावुक पोस्ट
हरमनप्रीत कौर ने एक भावुक पोस्ट में लिखा "मेरे पास जो था वो मैंने इस टीम और भारतीय महिला क्रिकेट को दिया है- मेरा खून, मेरा पसीना, मेरा समय, कई बार, मेरे खेल का हिस्सा और मेरी जिंदगी का लक्ष्य। कई ऐसे पल आए जब मैंने अपनी निजी उपलब्धियों, निजी ग्रोथ, जो मैं अपने लिए चाहती थी उसे अलग रखा क्योंकि मेरा मानना था कि टीम पहले आती है।"
हरमनप्रीत ने लिखा कि उन्होंने कप्तानी के दौरान कई बार मुश्किल फैसले लिए, ऐसे फैसले जिन्हें हर बार समझा नहीं गया। उन्होंने कहा कि उनका मकसद सिर्फ टीम की बेहतरी था।
उन्होंने लिखा, "एक कप्तान के तौर पर मुझे मुश्किल फैसले लेने पड़े। वो फैसले जिन्हें हर बार समझा नहीं गया, जो हमेशा आसान नहीं थे और कई बार व्यक्तिगत नुकसान का कारण बने, लेकिन मैंने हर फैसला एक ही मंशा से लिया- टीम को बेहतर बनाने और दूसरी खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका देने के लिए, उनमें विश्वास दिखाया और उनको उनका सर्वश्रेष्ठ रूप दिया।"
सफर जारी रहेगा
हरमनप्रीत कौर ने अपने इंस्टाग्राम पर लंबा पोस्ट लिखा है। उन्होंने लिखा है कि भले ही वह भावुक होते हुए कप्तानी छोड़ रही हैं, लेकिन अंदर से वह शांत महसूस कर रही हैं। हरमनप्रीत ने लिखा कि उन्होंने अपना काम किया। अपनी पोस्ट में उन्होंने टीम की साथी खिलाड़ियों, कोच, सपोर्ट स्टाफ, मैनेजमेंट, बीसीसीआई और अपने परिवार को शुक्रिया कहा। पोस्ट के अंत में हरमनप्रीत ने लिखा, "कप्तानी का अध्याय खत्म, लेकिन सफर जारी है।"
उन्होंने साथी खिलाड़ियों, कोच, सपोर्ट स्टाफ, मैनेजमेंट, BCCI, परिवार और उन सभी प्रशंसकों का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने उनके अच्छे और मुश्किल दोनों दौर में उनका साथ दिया। हरमनप्रीत ने अपने संदेश का अंत भी बेहद दमदार अंदाज में किया- 'खून, पसीना, त्याग, गर्व। मैंने अपना सबकुछ दिया। अब मैं फिर से सिर्फ खेल के प्यार के लिए खेलने को तैयार हूं। कप्तानी खत्म होती है, सफर जारी रहता है।'
कैसा रहा कप्तानी रिकॉर्ड
हरमनप्रीत कौर ने 155 टी20 इंटरनेशनल में कप्तानी की, जिसमें से से भारत ने 92 मैच जीते और 57 हारे। वनडे में उन्होंने 51 मैचों में भारत की कप्तानी की, जिसमे 30 में जीत मिली और 19 में हार। बतौर कप्तान उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि में वनडे वर्ल्ड कप खिताब जीतना है।
अगला कप्तान कौन?
हरमनप्रीत कौर के बाद अब भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अगली कप्तान बनने की दौड़ में सबसे आगे स्मृति मंधान हैं, जो अभी उपकप्तान हैं। मंधाना लंबे समय से खेल रही हैं, जो सोमवार को बीसीसीआई की रिव्यू मीटिंग में भी शामिल थीं। इसी मीटिंग के एक दिन बाद हरमनप्रीत ने कप्तानी छोड़ने का एलान किया।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 6 October 2026 at 13:37 IST