अपडेटेड 15 February 2026 at 12:59 IST
IND vs PAK T20 World Cup: भारत-पाकिस्तान महामुकाबला रद्द हुआ तो क्या होगा? जानिए मौसम का हाल, पिच रिपोर्ट से लेकर A टू Z सबकुछ
आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले का रास्ता तो साफ हो गया, लेकिन अब एक नया खतरा मंडरा रहा है।
IND vs PAK T20 World Cup: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले का रास्ता तो साफ हो गया, लेकिन अब एक नया खतरा मंडरा रहा है। 15 फरवरी (रविवार) को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले इस हाईवोल्टेज मैच में बारिश का खलल पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 15 फरवरी को मौसम में बदलाव हो सकता है और बारिश की संभावना है।
श्रीलंकाई मौसम विभाग की मानें तो 15 फरवरी को दोपहर 2 बजे तक मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा। इसके बाद मौसम में बदलाव आएगा। हालांकि, फिर रात 8 बजे के बाद स्थिति ठीक हो सकती है। भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला शाम 7 बजे से शुरू होना है। मौसम विभाग की मानें तो इस दौरान तूफान और हल्की बारिश हो सकती है। ऐसे में भारत और पाकिस्तान का मैच बारिश के प्रभावित हो सकता है।
एक्यूवेदर के अनुसार हर घंटे के हिसाब से बारिश के पूर्वानुमान का प्रतिशत इस प्रकार है:-
- सुबह 11 बजे: 64 प्रतिशत बारिश
- दोपहर 12 बजे: 49 प्रतिशत बारिश
- दोपहर 1 बजे: 61 प्रतिशत बारिश
- दोपहर 2 बजे: 49 प्रतिशत बारिश
- दोपहर 3 बजे: 49 प्रतिशत बारिश
- शाम 4 बजे: 49 प्रतिशत बारिश
- शाम 5 बजे: 63 प्रतिशत बारिश
- शाम 6 बजे: 49 प्रतिशत बारिश
- शाम 7 बजे: 9 प्रतिशत बारिश
- रात 8 बजे: 9 प्रतिशत बारिश
- रात 9 बजे: 9 प्रतिशत बारिश
मैच रद्द हुआ तो क्या होगा?
अगर बारिश के कारण मैच रद्द हो जाता है तो भारतीय टीम सुपर-8 में पहुंच जाएगी। साथ ही पाकिस्तानी टीम को भी फायदा होगा और उसकी भी सुपर-8 में एंट्री हो जाएगी। मैच धुलने के चलते भारत और पाकिस्तान दोनों को एक-एक अंक मिलेगा। ऐसे में दोनों टीमों के तीन मैचों में पांच-पांच अंक हो जाएंगे और वो ग्रुप-ए से सुपर-8 में पहुंच जाएंगी। भारत फिलहाल ग्रुप-ए की अंकतालिका में पहले नंबर पर हैं। वहीं पाकिस्तान दूसरे और संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) तीसरे पायदान पर है।
कैसा रहेगा कोलंबो की पिच का मिजाज?
कोलंबो की पिच आमतौर पर धीमी और स्पिन के लिए अनुकूल मानी जाती है। यानी यह तो साफ है कि वहां स्पिनर्स का दबदबा देखने को मिलेगा। यह मैच जिस पिच पर होगा उसी पर ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे का मुकाबला खेला गया था। जिम्बाब्वे ने यहां उलटफेर किया था। बारिश के कारण कंडीशन ओवरकास्ट होंगी। इससे पता चलता है कि तेज गेंदबाजों को भी यहां शुरुआती ओवर्स में मदद मिल सकती है।
वहीं पिच थोड़ी सपाट नजर आ रही थी, ऐसे में रनों की बारिश हो सकती है। शनिवार को पिच पर घास दिख रही थी जिससे तेज गेंदबाज और असरदार इस पिच पर नजर आ सकते हैं। यहां दोनों कप्तान चेजिंग से बचना चाहेंगे और टारगेट डिफेंड करना चाहेंगी। बाद में गेंदबाजी करने वाली टीम के लिए ओस भी दिक्कत पैदा कर सकती है। ऐसे में टॉस का रोल भी अहम होगा। दोनों कप्तान पहले बल्लेबाजी करने की ओर देख सकते हैं।
भारत की संभावित प्लेइंग 11
आज भारत एक तेज गेंदबाज के साथ उतर सकता है, दूसरे तेज गेंदबाज की भूमिका हार्दिक पांड्या निभा सकते हैं। पिच को देखते हुए आज भारत 3 स्पिनर्स (अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव) के साथ उतर सकता है।
ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह
पाकिस्तान की संभावित प्लेइंग 11
सईम अयूब, साहिबजादा फरहान, सलमान अली आगा (कप्तान), बाबर आजम, मोहम्मद नवाज, शादाब खान, फहीम अशरफ, उस्मान खान (विकेटकीपर), शाहीन शाह अफरीदी, अबरार अहमद, उस्मान तारिक।
मैच का लाइव प्रसारण किस चैनल पर होगा?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ब्रॉडकास्ट राइट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास है। स्टार स्पोर्ट्स चैनल पर भारत बनाम पाकिस्तान मैच का लाइव प्रसारण होगा। जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर भारत बनाम पाकिस्तान मैच की लाइव स्ट्रीमिंग होगी।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 15 February 2026 at 12:59 IST