IPL के बीच टेस्ट के दीवानों के लिए खुशखबरी, भारत-ऑस्ट्रेलिया की बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी की डेट अनाउंस
IPL के रोमांच के बीच टेस्ट क्रिकेट के दीवानों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की डेट अनाउंस हो गई है।
Border-Gavaskar Trophy: भारत में इस वक्त दुनिया की सबसे लोकप्रिय T20 लीग IPL का आयोजन चल रहा है। IPL का रोमांच फैंस का जबरदस्त एंटरटेनमेंट कर रहा है। इस बीच टेस्ट क्रिकेट के दीवानों के लिए खुशखबरी आई है। दरअसल भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जाने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की डेट अनाउंस हो गई है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से मंगलवार को समर शेड्यूल जारी किया गया है, जिसमें बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी भी शामिल है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 मैचों की बॉर्डर गावस्कर टेस्ट सीरीज 22 नवंबर को शुरू होगी और पहले मैच की मेजबानी पर्थ का ऑप्टस स्टेडियम करेगा।
ऑस्ट्रेलिया आमतौर पर अपने समर सीजन का पहला टेस्ट मैच एडिलेड ओवल में खेलता रहा है, लेकिन इसकी शुरुआत पर्थ से होगी। एडिलेड में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा, जो 6 से 10 दिसंबर तक चलेगा। ये डे नाइट मैच होगा।
तीसरा टेस्ट मैच 14 से 18 दिसंबर के बीच ब्रिस्बेन में खेला जाएगा, जबकि मेलबर्न हमेशा की तरह 26 से 30 दिसंबर के बीच बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच की मेजबानी करेगा। सिडनी में नए साल पर 3 से 7 जनवरी के बीच पांचवां और आखिरी टेस्ट मैच खेला जाएगा।
पर्थ को क्यों दी गई पहले मैच की मेजबानी?
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के कार्यक्रम प्रमुख पीटर रोच ने कहा कि पर्थ को पहले टेस्ट की मेजबानी का अधिकार देने के पीछे सबसे महत्वपूर्ण कारकों में से एक इसका दोनों देशों के फैंस के लिए अनुकूल प्रसारण क्षेत्र का होना है। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई टीम का मानना है कि टेस्ट सीरीज की शुरुआत उन स्थानों पर की जानी चाहिए, जहां वो ज्यादा सहज हों और पर्थ और ब्रिस्बेन ऐसे वेन्यू हैं, जहां उन्हें ज्यादा फायदा मिल सकता है।
बता दें कि इससे पहले क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने सोमवार को घोषणा की थी कि बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के तहत होने वाली ये टेस्ट सीरीज 5 मैचों की होगी और 1991-92 के बाद ये पहला मौका होगा, जब भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी।
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 26 March 2024 at 20:09 IST