अपडेटेड 27 February 2026 at 23:11 IST
IND vs WI T20 World Cup 2026: ईडन गार्डन्स में विंडीज के खिलाफ कैसा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड? सेमीफाइनल में पहुंचने पर नजर
IND vs WI T20 World Cup 2026: भारतीय टीम का अगला मुकाबला वेस्टइंडीज की टीम के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाना है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 का यह आखिरी मुकाबला होगा।
IND vs WI T20 World Cup 2026: भारतीय टीम ने ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 का दूसरा मुकाबला चेन्नई के MA चिदंबरम स्टेडियम में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेला। इस मैच में भारतीय टीम 72 रनों से बड़ी जीत हासिल करने में कामयाब रही, इसी के साथ टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में अपने पहुंचने की उम्मीदों को भी पूरी तरह से बरकरार रखा है।
विंडीज से जीत पर सूर्या की नजर
इसके बाद भारतीय टीम को अब 1 मार्च को ईडन गार्डन्स स्टेडियम में सुपर-8 का अपना आखिरी मैच खेलना है, जो भारत और विंडीज दोनों के लिए करो या मरो वाला मैच होगा। क्योंकि इस मैच में जो भी टीम जीतेगी वह सीधा सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाने में कामयाब हो पाएगी। ऐसे में कप्तान सूर्यकुमार यादव नहीं चाहेंगे कि कोलकाता में टीम को हार के साथ टूर्नामेंट से बाहर होना पड़े। इसके बाद सभी की नजरें मेजबान टीम इंडिया पर टिकी हुई हैं।
कोलकाता में टीम इंडिया का दबदबा
टी20 इंटरनेशनल में भारतीय टीम का घरेलू मैदानों पर दबदबा है, और कोलकाता का ईडन गार्डन्स स्टेडियम भी इसमें शामिल है। इस मैदान पर टीम इंडिया ने 8 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें से 7 जीते हैं और सिर्फ 1 में हार मिली है।
पिछली बार ईडन गार्डन्स मैदान पर टीम इंडिया को 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था, जब वे 6 विकेट से मैच हार गए थे। इसके बाद टीम इंडिया यहां कोई मैच नहीं गंवाया है।
विंडीज का रिकॉर्ड खराब
राहत की बात यह है कि वेस्टइंडीज का ईडेन गार्डेंस पर रिकॉर्ड अच्छा नहीं है। विंडीज ने यहां कुल 7 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें तीन में उसे जीत मिली है, जबकि 4 मैच गंवाए हैं। इसमें वेस्टइंडीज को इस मैदान पर सभी हार भारत के खिलाफ ही मिली है।
अक्षर पटेल और कप्तान सूर्या का रिकॉर्ड बेहतर
कोलकाता का ईडन गार्डन्स स्टेडियम बल्लेबाजी के लिए अच्छा माना जाता है, लेकिन यहां पर स्पिन गेंदबाजों को भी मदद मिलती है। टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव का यहां अच्छा रिकॉर्ड है, उन्होंने यहां 5 मैचों में 26.75 के औसत से 107 रन बनाए हैं, जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल है। वहीं, अक्षर पटेल ने यहां गेंदबाजी में कमाल किया है, उन्होंने यहां 2 मैच में 6.2 के औसत से 5 विकेट लिए हैं।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 27 February 2026 at 23:11 IST