अपडेटेड 26 November 2025 at 13:39 IST
BREAKING: गुवाहाटी टेस्ट में भारत की 408 रनों से शर्मनाक हार, साउथ अफ्रीका ने 25 साल बाद किया व्हाइटवॉश
गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में हुए दूसरे टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को हरा दिया है। भारत के सामने 549 रनों का टारगेट था, लेकिन भारतीय टीम मैच के पांचवें दिन महज 140 रनों पर सिमट गई।
गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में हुए दूसरे टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को हरा दिया है। भारत के सामने 549 रनों का टारगेट था, लेकिन भारतीय टीम मैच के पांचवें दिन महज 140 रनों पर सिमट गई। आपको बता दें कि साउथ अफ्रीका की टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया। पहली पारी में साउथ अफ्रीका की टीम 489 रन पर ऑलआउट हुई।
पहली पारी में साउथ अफ्रीका की तरफ से सेनुरन मुथुसामी ने 206 गेंदों पर 109 रन ठोके, जिसमें 10 चौके और 2 छक्के शामिल थे। ये उनके इंटरनेशनल करियर का पहला शतक रहा। उनके अलावा मार्को यानसेन ने 93 रन बनाए थे। भारत की ओर से कुलदीप यादव ने 4 विकेट लिए, जबकि जडेजा-बुमराह और सिराज को दो-दो सफलता मिली।
बल्लेबाजों का शर्मनाक प्रदर्शन
इस टेस्ट में भारत के बल्लेबाजों का शर्मनाक प्रदर्शन देखने को मिला, पहली पारी में सिर्फ यशस्वी जायसवाल और दूसरी पारी में सिर्फ रवींद्र जडेजा अर्धशतक लगा पाए। पहली पारी में भी टीम इंडिया 201 रनों पर ऑल आउट हो गई थी। टेम्बा बावुमा ने बतौर कप्तान कभी कोई टेस्ट नहीं हारने का अपना रिकॉर्ड इस सीरीज में भी कायम रखा। दक्षिण अफ्रीका 2 मैचों की टेस्ट सीरीज 2-0 से जीत गई।
पिछले 7 मैचों में 5वीं हार, WTC अंक तालिका में लुढ़की टीम इंडिया
भारत ने घर पर खेले पिछले 7 टेस्ट में से 5 हारे हैं। पिछले साल इसी महीने में टीम इंडिया न्यूजीलैंड से घर पर 3-0 से टेस्ट सीरीज हारी थी। गुवाहाटी से पहले कोलकाता में भी टीम इंडिया का शर्मनाक प्रदर्शन रहा था, वहां पिच को दोष दिया गया लेकिन यहां तो मेहमान टीम के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया था। फिर भी इस पिच पर भारत का कोई बल्लेबाज नहीं चला। दक्षिण अफ्रीका से 0-2 से टेस्ट सीरीज हारने के बाद भारत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-2027 अंक तालिका में 5वें स्थान पर पहुंच गया है।
140 पर सिमटी टीम इंडिया की दूसरी पारी
दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 288 रनों की बढ़त बनाई थी। मेहमान टीम ने दूसरी पारी 260/5 रनों पर घोषित कर भारत के सामने जीत के लिए 549 का लक्ष्य रखा। दूसरी पारी में ट्रिस्टन स्टब्स ने 93 रन बनाए, वह अपने शतक से चूक गए। उनके विकेट के साथ ही बावुमा ने पारी घोषित कर दी थी। दूसरी पारी में भी भारत के बल्लेबाजों का फ्लॉप शो जारी रहा। यशस्वी जायसवाल (13), केएल राहुल (6) अच्छी शुरुआत नहीं दिला पाए, जायसवाल को यानसेन ने आउट किया तो केएल राहुल को हार्मर ने अपना शिकार बनाया।
आज टेस्ट के आखिरी दिन कुलदीप रूप के रूप भारत की पारी का तीसरा विकेट गिरा। इसके बाद ध्रुव जुरेल (2) और ऋषभ पंत (13) भी सस्ते में आउट हो गए। सुदर्शन भी 14 रन बनाकर चलते बने। रवींद्र जडेजा ने कुछ हद तक संघर्ष किया, लेकिन वो काफी नहीं था। जडेजा ने 2 छक्के और 4 चौकों की मदद से 54 रन बनाए। भारत की दूसरी पारी 140 रनों पर सिमट गई। दक्षिण अफ्रीका ने 408 रनों के बड़े अंतर से इस मुकाबले को जीत लिया।
भारत की सबसे बड़ी हार (रन के हिसाब से)
- भारत बनाम साउथ अफ्रीका-गुवाहाटी (आज)- 408 रन
- भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया-नागपुर (2004)- 342 रन
- भारत बनाम पाकिस्तान- कराची (2006)- 341 रन
- भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया- मेलबर्न (2007 )- 337 रन
IND vs SA Test 2025: दोनों टेस्ट के मैच का स्कोर-
पहला टेस्ट मैच (कोलकाता)
- साउथ अफ्रीका पहली पारी-159 रन
- भारत पहली पारी-189 रन
- साउथ अफ्रीका दूसरी पारी- 153 रन
- भारत दूसरी पारी-93 रन
दूसरा टेस्ट मैच (गुवाहाटी)
- साउथ अफ्रीका पहली पारी- 489 रन
- भारत पहली पारी- 201 रन
- साउथ अफ्रीका दूसरी पारी- 260 रन पर घोषित
- भारत दूसरी पारी- 140 रन
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 26 November 2025 at 13:06 IST