अपडेटेड 9 March 2026 at 00:02 IST

IND vs NZ: संजू सैमसन ने की छक्कों की बारिश, तोड़ दिया कोहली का 'विराट' स्कोर; T20 वर्ल्ड कप फाइनल में रचा इतिहास

IND vs NZ: संजू सैमसन ने की छक्कों की बारिश, तोड़ दिया कोहली का 'विराट' स्कोर; T20 वर्ल्ड कप फाइनल में रचा इतिहास

Follow :  
×

Share


Sanju Samson breaks Virat Kohli's record | Image: ICC/ANI

IND vs NZ Final: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को क्रिकेट का वो रोमांच देखने को मिला, जिसका करोड़ों भारतीयों को बेसब्री से इंतजार था। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के महामुकाबले में टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज संजू सैमसन ने अपनी बल्लेबाजी से आग लगा दी। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के लिए संजू ने किसी वरदान की तरह काम किया। उन्होंने न केवल संभलकर बल्लेबाजी की, बल्कि कीवी गेंदबाजों के आत्मविश्वास को अपनी बाउंड्रीज से पूरी तरह चकनाचूर कर दिया।

कोहली और अफरीदी के क्लब में शामिल हुए संजू

इस फाइनल मैच में संजू सैमसन ने जैसे ही अपना अर्धशतक पूरा किया, उन्होंने इतिहास के सुनहरे पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया। संजू अब दुनिया के उन चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल हो गए हैं जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप के एक ही सीजन के सेमीफाइनल और फाइनल, दोनों ही बड़े मैचों में 50 से ज्यादा का स्कोर बनाया है। इससे पहले यह कारनामा साल 2014 में विराट कोहली और 2009 में पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी ने किया था। संजू की इस निरंतरता ने साबित कर दिया है कि वह बड़े मैचों के खिलाड़ी हैं।

कोहली का एक और रिकॉर्ड टूटा

इसी के साथ उन्होंने विराट कोहली का वह रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है, जो कोहली ने टी20 वर्ल्ड कप 2014 और 2024 में बनाया था। दरअसल, भारत के लिए टी20 वर्ल्डकप फाइनल में विराट कोहली ने श्रीलंका (2014) और साउथ अफ्रीका (2024) के खिलाफ सबसे ज्यादा क्रमश: 77 और 76 रन बनाए थे, जिसे संजू ने अब तोड़ दिया है। 

अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर रखी जीत की मजबूत नींव

मैच की शुरुआत में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी, उन्हें उम्मीद थी कि पिच से शुरुआती मदद मिलेगी। लेकिन सलामी जोड़ी संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा के इरादे कुछ और ही थे। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 98 रनों की ताबड़तोड़ साझेदारी की। जहाँ एक तरफ अभिषेक शर्मा ने अर्धशतक जड़कर पवेलियन का रुख किया, वहीं संजू ने मोर्चा संभाले रखा। दोनों की इस पार्टनरशिप ने कीवी टीम को बैकफुट पर धकेल दिया और स्टेडियम में मौजूद हजारों प्रशंसकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

शतक से चूके मगर खेल गए 'मैच जिताऊ' पारी

संजू सैमसन जिस अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे, लग रहा था कि आज उनके बल्ले से वर्ल्ड कप फाइनल का ऐतिहासिक शतक निकलेगा। हालांकि, वह 89 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए, लेकिन तब तक वह अपना काम बखूबी कर चुके थे। अपनी 46 गेंदों की पारी में उन्होंने 5 शानदार चौके और 8 गगनचुंबी छक्के जड़े। भले ही वह शतक से 11 रन दूर रह गए, लेकिन उनकी इस पारी ने भारत को उस स्कोर तक पहुँचा दिया जहाँ से विश्व विजेता बनने की राह आसान नजर आने लगी।

न्यूजीलैंड की प्लेइंग-11

New Zealand: टिम सीफर्ट (विकेट कीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिशेल, जेम्स नीशम, मिशेल सेंटनर (कप्तान), मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, जैकब डफी।

भारत की प्लेइंग-11

INDIA: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह।

ये भी पढ़ें:  IND vs NZ Viral: टीम इंडिया ने की छक्के-चौकों की बारिश तो दिल्ली पुलिस ने लिए मजे, कर दी ऐसी 'शिकायत', अहमदाबाद पुलिस बोली- अधिकारियों को…

Published By : Shashank Kumar

पब्लिश्ड 8 March 2026 at 20:13 IST