अपडेटेड 18 January 2026 at 19:59 IST
IND vs NZ 3rd ODI: मिचेल-फिलिप्स ने बदला मैच का रुख, न्यूजीलैंड ने भारत के सामने रखा 338 रन का विशाल लक्ष्य, विराट-नितीश ने संभाली पारी
IND vs NZ 3rd ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे तीसरे वनडे में डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की शतकीय पारियों से न्यूजीलैंड ने 337 रन बनाए। भारत को सीरीज जीतने के लिए 338 रन का लक्ष्य मिला है। शुरुआती झटकों के बाद भारत दबाव में नजर आ रहा है।
IND vs NZ 3rd ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच इंदौर में खेले जा रहे सीरीज के निर्णायक तीसरे वनडे में कीवी बल्लेबाजों ने शानदार वापसी करते हुए भारत के सामने 338 का विशाल लक्ष्य खड़ा कर दिया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का भारत का फैसला शुरुआती ओवरों में सही साबित हुआ, लेकिन इसके बाद डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की दमदार बल्लेबाजी ने पूरा मैच पलट दिया।
न्यूजीलैंड की जबरदस्त वापसी
न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ही ओवर में हेनरी निकोल्स बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि अगले ओवर की पहली ही गेंद पर डेवोन कॉनवे भी पवेलियन लौट गए। भारत के युवा गेंदबाजों अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने शुरुआती झटके देकर कीवी टीम को बैकफुट पर धकेल दिया था।
शुरुआती झटकों के बाद डेरिल मिचेल और विल यंग ने पारी को संभाला। दोनों ने संयम के साथ रन जोड़े और टीम को स्थिरता दी। हालांकि विल यंग के आउट होने के बाद ग्लेन फिलिप्स क्रीज पर आए और फिर मैच पूरी तरह न्यूजीलैंड के पक्ष में चला गया।
219 रन की तूफानी साझेदारी
डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने तीसरे विकेट के लिए 219 रन की विशाल साझेदारी की। मिचेल ने लगातार दूसरे मैच में शतक जड़ते हुए 131 गेंदों में 137 रन बनाए, जबकि फिलिप्स ने सिर्फ 88 गेंदों में 106 रन की विस्फोटक पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने 30 ओवर के बाद गियर बदलते हुए भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।
भारत की गेंदबाजी के बावजूद न्यूजीलैंड 337 तक पहुंचा
अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने तीन-तीन विकेट झटके, लेकिन मिचेल और फिलिप्स की आक्रामक बल्लेबाजी के आगे भारतीय गेंदबाजों की मेहनत फीकी पड़ गई। न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 337 रन बनाकर भारत को 338 रन का लक्ष्य दिया।
कोहली ने 78वां अर्धशतक लगाया
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। रोहित शर्मा, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल जल्दी पवेलियन लौट गए। अब भारत की उम्मीदें विराट कोहली और नितीश कुमार रेड्डी पर टिकी हैं, जो टीम को संभालने की कोशिश कर रहे हैं। खबर लिखे जाने तक विराट कोहली ने 55 गेंदों में 54 रन और रेड्डी ने 45 गेंदों में 34 रन बनाए हैं।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 18 January 2026 at 19:49 IST