अपडेटेड 23 December 2024 at 22:21 IST
Vinod Kambli Health Update: अस्पताल में भर्ती विनोद कांबली का हेल्थ अपडेट आया, डॉक्टरों ने बताई ये समस्या
Vinod Kambli Health Update: अस्पताल में भर्ती पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली का हेल्थ अपडेट सामने आया है। डॉक्टरों ने उनके बारे में सारी डिटेल दी है।
Vinod Kambli Health Update: भारत के पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली को ठाणे जिले के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सीय जांच में उनके मस्तिष्क में खून के थक्के जमने का पता चला है। उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों ने सोमवार को ये जानकारी दी।
52 साल के कांबली का इलाज कर रहे डॉ. विवेक त्रिवेदी ने कहा कि पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने शुरुआत में मूत्र संक्रमण और ऐंठन की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें शनिवार को भिवंडी शहर के काल्हेर इलाके में शनिवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया। त्रिवेदी ने कहा कि आकृति अस्पताल में उनकी देखरेख कर रही मेडिकल टीम ने कई टेस्टों के बाद उनके मस्तिष्क में थक्के का पता चला।
जीवनभर मुफ्त इलाज का वादा
डॉक्टर ने कहा कि कांबली के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही है और टीम मंगलवार को अतिरिक्त चिकित्सा जांच करेगी। डॉ. त्रिवेदी ने बताया कि अस्पताल प्रभारी एस सिंह ने कांबली को अपनी चिकित्सा सुविधा में जीवन भर मुफ्त इलाज देने का फैसला किया है।
बता दें कि कांबली लंबे समय से शराब से जुड़ी और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। हाल ही में दिग्गज कोच रमाकांत आचरेकर की याद में मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ये पूर्व खिलाड़ी काफी कमजोर दिखाई दिया। उन्हें अपने बचपन के दोस्त सचिन तेंदुलकर का हाथ पकड़कर भावुक होते देखा गया।
कांबली का क्रिकेट करियर
बाएं हाथ के बल्लेबाज विनोद कांबली ने भारत के लिए 104 वनडे और 17 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने क्रमश: 2477 और 1084 रन बनाए हैं। कांबली ने स्कूल स्तर पर तेंदुलकर के साथ ऐतिहासिक 664 रन की अटूट साझेदारी की थी।
ये भी पढ़ें-
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 23 December 2024 at 22:21 IST