वर्ल्ड कप जीतने के बाद गुरुद्वारा पहुंचे गौतम गंभीर, रकाबगंज साहिब में टेका मत्था; कीर्ति आजाद के बयान के बाद दिया था मुंहतोड़ जवाब
Gautam Gambhir Viral Video: टीम इंडिया के वर्ल्ड कप जीतने के बाद कैप्टन सूर्यकुमार यादव ट्रॉफी के साथ मंदिर पहुंचे थे। कीर्ति आजाद ने इस पर विवादित बयान दिया था। अब कोच गौतम गंभीर दिल्ली के रकाबगंज साहिब में माथा टेकने पहुंचे।
Gautam Gambhir At Gurudwara: टीम इंडिया के T20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद देश भर में जश्न मनाने का दौर जारी है। इसी बीच टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर गुरुवार को नई दिल्ली के प्रसिद्ध गुरुद्वारा श्री रकाब गंज साहिब पहुंचे और वहां मत्था टेककर भगवान का आशीर्वाद लिया।
गंभीर का यह दौरा ऐसे समय में हुआ है जब पूर्व क्रिकेटर और तृणमूल कांग्रेस सांसद कीर्ति आजाद के बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कीर्ति आजाद ने टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी को मंदिर ले जाने पर सवाल उठाए थे।
भारत ने रचा इतिहास
भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में नई जीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। यह जीत भारत के लिए ऐतिहासिक रही, क्योंकि टीम ने तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप जीता और पहली बार अपने ही देश में खिताब बचाने में सफल रही।
फाइनल मुकाबला नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में खेला गया था। जीत के बाद टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव, कोच गौतम गंभीर और जय शाह पास के एक हनुमान मंदिर में आशीर्वाद लेने भी पहुंचे थे।
कीर्ति आजाद के बयान से छिड़ा विवाद
1983 वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य रह चुके कीर्ति आजाद ने कहा था कि टीम में हर धर्म के खिलाड़ी शामिल हैं, ऐसे में ट्रॉफी को मंदिर ले जाना सही नहीं है। उनके मुताबिक खेल किसी धर्म या जाति से नहीं जुड़ा होता, बल्कि यह सिर्फ खेल और देश की जीत का प्रतीक होता है।
उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया और खेल जगत में बहस शुरू हो गई। कई पूर्व क्रिकेटरों और नेताओं ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
गंभीर ने दिया करारा जवाब
कीर्ति आजाद की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए गौतम गंभीर ने कहा कि ऐसे बयान पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व का पल है और इस जीत का जश्न मनाना ज्यादा जरूरी है।
गंभीर ने कहा कि इस तरह के बयान खिलाड़ियों की मेहनत और उपलब्धि को कम करके दिखाते हैं, जो कि सही नहीं है। उनका मानना है कि 15 खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत से मिली इस जीत का सम्मान होना चाहिए।
कोच के रूप में गंभीर की बड़ी उपलब्धियां
गौतम गंभीर के कोच बनने के बाद भारतीय टीम लगातार बड़ी सफलताएं हासिल कर रही है। उनकी कोचिंग में टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी 225, एशिया कप 2025 और अब टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीता है।
वहीं खिलाड़ी के रूप में भी गंभीर का करियर बेहद शानदार रहा है। उन्होंने अपने खेल जीवन में टी-20 वर्ल्ड कप, वनडे वर्ल्ड कप, एशिया कप और आईपीएल जैसे कई बड़े खिताब जीते हैं।
टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत ने एक बार फिर पूरे देश को जश्न मनाने का मौका दिया है और खिलाड़ियों की मेहनत की हर तरफ तारीफ हो रही है।
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 12 March 2026 at 21:34 IST