अपडेटेड 7 August 2024 at 14:41 IST

सचिन करेंगे दोस्त की मदद? जानें किस बीमारी से पीड़ित हैं विनोद कांबली, एक कदम चलना भी मुश्किल

Vinod Kambli Health: विनोद कांबली का ये हाल फैंस से देखा नहीं जा रहा है। फैंस उनके पुराने दोस्त सचिन तेंदुलकर से उनकी मदद की गुहार लगा रहे हैं।

Follow :  
×

Share


Vinod Kambli's distressing video goes viral | Image: X

Vinod Kambli Health: एक जमाना था जब भारत के पूर्व बल्लेबाज विनोद कांबली स्पिनर्स की गेंद पर आगे बढ़ते थे और आसानी से गेंद को बाउंड्री के बाहर भेज देते थे। समय बदला और हालात भी तेजी से बदल गए। आलम ये है कि अब कांबली दो कदम भी ठीक से चल नहीं पा रहे हैं। पूर्व स्टार बल्लेबाज का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें कांबली की हालत देखकर फैंस को विश्वास नहीं हो रहा है। लोग उनके स्वास्थ्य को लेकर बेहद चिंतित हैं और उनके पुराने दोस्त और भारत के पूर्व महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर से गुहार भी लगा रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देख सकते हैं कि विनोद कांबली ठीक से दो कदम भी नहीं चल पा रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि ग्रीन कलर की टी-शर्ट पहने कांबली एक मोटरसाइकिल के सहारे खड़े हैं और वो बहुत तकलीफ में दिख रहे हैं। इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोग उनकी मदद करते और उन्हें संभालते दिख रहे हैं।

विनोद कांबली किस बीमारी से पीड़ित?

विनोद कांबली का ये हाल देख फैंस बेहद चिंतित हैं और वो जानना चाहते हैं कि पूर्व क्रिकेटर को आखिर हुआ क्या है। इस वीडियो को शेयर करने वाले मीडिया व्यक्ति नरेंद्र गुप्ता ने सोशल मीडिया पर लिखा कि विनोद कांबली खराब सेहत से जूझ रहे हैं। उन्होंने बताया कि भारत के पूर्व धुरंधर बल्लेबाज कई तरह की बीमारियों से पीड़ित हैं। विनोद कांबली को दिल की बीमारी और डिप्रेशन भी है। यही कारण है कि पिछले कुछ समय से वो कई बार अस्पताल में भर्ती हुए हैं और उनका इलाज किया जा रहा है।

फैंस ने सचिन से लगाई गुहार

पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली का ये हाल फैंस से देखा नहीं जा रहा है। सोशल मीडिया पर कई फैंस उनके पुराने दोस्त सचिन तेंदुलकर से उनकी मदद की गुहार लगा रहे हैं। एक यूजर ने X पर सचिन तो टैग करते हुए लिखा, ''प्रिय सचिन सर, कृपया अपने दोस्त की मदद करें। आपका एक फोन उनके लिए बहुत बड़ा सहारा बन सकता है. विनोद कांबली की इतनी बुरी हालत की कल्पना नहीं कर सकते।''

विनोद कांबली का क्रिकेट करियर

विनोद कांबली ने सचिन तेंदुलकर के साथ ही क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी। मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट में दोनों के बीच कई बड़ी साझेदारी हुई। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की बात करें तो बाएं हाथ के बल्लेबाज कांबली ने भारत के लिए 17 टेस्ट और 104 वनडे खेले हैं। 

इसे भी पढ़ें: बाल नाखून काटे... खून तक निकाला, विनेश फोगाट ने वजन के लिए क्या-क्या नहीं किया, फिर भी टूटा सपना
 

Published By : Ritesh Kumar

पब्लिश्ड 7 August 2024 at 14:41 IST